रांची : झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। इस चर्चा में भाग लेते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के रवैये पर कड़ा ऐतराज जताया।
बाबूलाल मरांडी ने कहा- इस संवेदनशील विषय पर सदन के भीतर भ्रम पैदा करने की कोशिश की जा रही है
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि इस संवेदनशील विषय पर सदन के भीतर भ्रम पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पांच नवंबर को इसकी सूचना मिल जाने के बावजूद अब तक मंत्रिपरिषद की बैठक नहीं बुलाई गई है, जो सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उनके अनुसार, इस तरह के रवैये से विधानसभा की मर्यादा प्रभावित हुई है और सरकार को यदि यह मामला गंभीर लगता है, तो उसे जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाने चाहिए।
नागरिकता और पहचान पत्रों का मुद्दा
बहस के दौरान बाबूलाल मरांडी ने राजमहल के विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन की पिछली टिप्पणियों का हवाला देते हुए एक समुदाय से जुड़े बयानों पर भी चर्चा की। मरांडी ने दावा किया कि जमशेदपुर में अफगानिस्तान के नागरिक पाए गए हैं, जबकि गढ़वा से सामने आए एक वीडियो में वर्षों से ईरानी नागरिकों के रहने का जिक्र किया गया है। नेता प्रतिपक्ष के मुताबिक, ऐसे लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र तक बने हुए हैं, लेकिन उनके भारतीय नागरिक होने का कोई स्पष्ट प्रमाण सामने नहीं आया है। उन्होंने विधायक ताजुद्दीन से यह स्पष्ट करने को कहा कि वे लोग वास्तव में कौन हैं।
फर्जी दस्तावेजों पर जांच की मांग
बाबूलाल मरांडी ने फर्जी कागजात तैयार करने के मामले का उल्लेख करते हुए बताया कि इस प्रकरण में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि कुछ दस्तावेजों में पिता और पुत्र की उम्र के बीच केवल एक वर्ष का अंतर दर्ज मिला है। मरांडी के अनुसार, ऐसी विसंगतियों की गहन जांच निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है, अन्यथा आयोग की भूमिका पर ही सवाल उठने लगेंगे।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट