भारत सरकार द्वारा जनगणना–2027 के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की ऐतिहासिक योजना को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी प्रदान किए जाने पर बिहार सरकार के माननीय मंत्री नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से देश की जनसांख्यिकीय संरचना को बेहतर रूप से समझने और हर वर्ग तक विकास पहुंचाने में काफी मदद होगी। साथ ही नए भारत” के निर्माण में जनगणना मील का पत्थर साबित होगा।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक, डिजिटल एवं अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में निरंतर पहल की जा रही थी। इसी क्रम में आज 11 हजार 700 करोड़ की यह स्वीकृति जनगणना–2027 को सर्वाधिक विश्वसनीय, तकनीक-संचालित और समयबद्ध रूप में संपादित करने के उद्देश्य को सुदृढ़ करेगी।
मंत्री ने यह भी कहा कि जनगणना–2027 से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्य के बारे में भी त्वरित और सटीक जानकारी मिलेगी। इससे राज्यों को भी अपनी योजनाओं को बेहतर रूप से तैयार करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा राज्यों के साथ समन्वय को और मजबूत करने के लिए भी धन्यवाद दिया।
अंत में मंत्री ने उम्मीद जताई कि जनगणना–2027 देश के विकास की नई दिशाओं को परिभाषित करने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल “नए भारत” के निर्माण की ओर बढ़ते विश्वास, पारदर्शिता और तकनीकी प्रगति का प्रतीक है। देश के प्रत्येक नागरिक को इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि “जनगणना में आपकी भागीदारी ही भारत के भविष्य को मजबूत बनाती है।”