पटना की हॉट सीट बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। इस बीच जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को बड़ा झटका लगा है। जनसुराज पार्टी के कई दिग्गज नेता बीजेपी में शामिल हुए हैं। कुम्हरार विधान सभा के प्रत्याशी रह चुके के.सी सिन्हा और दीघा विधान सभा प्रत्याशी रह चुके बिट्टू सिंह समेत कई नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ली। बड़ी संख्या में आए जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ता भी बीजेपी में शामिल हुए हैं।
बुधवार को पटना स्थित बीजेपी कार्यालय में मिलन समारोह का आयोजन हुआ, जहां जनसुराज पार्टी के कई दिग्गज नेता बीजेपी में शामिल हुए। दीघा विधान सभा प्रत्याशी रह चुके बिट्टू सिंह बीजेपी में शामिल हुए। कुम्हरार विधान सभा के प्रत्याशी रह चुके के.सी सिन्हा ने भी बीजेपी की सदस्यता ली। बिट्टू सिंह के साथ उनकी पत्नी विनीता बिट्टू सिंह भी बीजेपी में शामिल हुई। विनीता बिट्टू सिंह मेयर का चुनाव लड़ चुकी हैं। मनेर विधान सभा प्रत्याशी रह चुके गोपाल सिंह ने भी बीजेपी की सदस्यता ली।
शिक्षा जगत का चर्चित चेहरा और गणितविद् प्रो. केसी सिन्हा ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में प्रो. केसी सिन्हा ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के टिकट पर पटना की कुम्हरार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
बीजेपी में शामिल होने के बाद मनेर विधान सभा प्रत्याशी रह चुके गोपाल सिंह ने कहा कि कोई एरोगेंट व्यक्ति संगठन नहीं चला सकता है। प्रशांत किशोर के पास कोई विजन नहीं है। वहीं बीजेपी की सदस्यता लेते ही दीघा विधान सभा प्रत्याशी रह चुके बिट्टू सिंह ने कहा की अब बीजेपी छोड़ कर कही नहीं जाऊंगा। जीना यहां मरना यहां है।
वहीं बीजेपी कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा की बीजेपी की नीतियों से प्रभावित होकर जन सुराज के कई नेता आज बीजेपी में शामिल हुए। इन सभी का बीजेपी में स्वागत है। ये सभी लोग मजबूती से बीजेपी में काम करेंगे।
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा और एक अगस्त को नतीजे घोषित होंगे। नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई इस सीट पर पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है। बीजेपी ने उन्हें पिछले उम्मीदवार अभिषेक कुमार (बंटी) के नाम वापस लेने के बाद मैदान में उतारा है। जहां प्रशांत किशोर खुद मैदान में हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार के 182-बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची में 40 नेताओं को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।