गिरफ्तारी के बाद रोती-बिलखती रही वीणा मानवी, तेज प्रताप बोले-बिहार आने के बाद मेरा सुदर्शन चक्र चलेगा

बांकीपुर से जेजेडी प्रत्याशी वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर तेज प्रताप यादव ने कहा-महिला के साथ जब अन्याय होता है तो कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है। अब बिहार आने के बाद मेरा सुदर्शन चक्र चलेगा।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 13, 2026, 2:29:00 PM

राजधानी पटना की सबसे हॉट सीट बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा सियासी ड्रामा सामने आया है। तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) की पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी (Veena Manvi) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बांकीपुर से जेजेडी प्रत्याशी के तौर पर नामांकन के बाद पुलिस ने वीणा मानवी गिरफ्तार किया है। आज (सोमवार) गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया गया था। वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर तेज प्रताप यादव ने कहा-महिला के साथ जब अन्याय होता है तो कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है। अब बिहार आने के बाद मेरा सुदर्शन चक्र चलेगा।

गिरफ्तारी के समय वीणा मानवी रोती रहीं और खुद को छोड़ने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर चली गई। तेज प्रताप यादवा की पार्टी जनशक्‍त‍ि जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई पटना समाहरणालय परिसर में की गई, जहां कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस टीम के पहुंचते ही वीणा मानवी वहां से निकलने का प्रयास करती नजर आईं, लेकिन पुलिस ने कुछ देर की मशक्कत के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार वीणा मानवी के खिलाफ धोखाधड़ी (धारा 420) के एक मामले में न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था। इसी वारंट के आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।

वहीं वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर तेज प्रताप यादव ने कहा-हमारी पार्टी की प्रत्याशी वीणा मानवी जी के विरुद्ध नामांकन के दिन की गई कार्रवाई पर हमें गंभीर आपत्ति है। हमारा मानना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने और उनकी चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा-यदि ऐसा हुआ है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत चिंताजनक है। मैं, तेज प्रताप यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष, जनशक्ति जनता दल, वीणा मानवी जी के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं। हमें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है, और आवश्यकता पड़ने पर हम अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएंगे।

तेज प्रताप यादव ने एक्स पर अपना वीडियो बयान जारी करते हुए कहा है कि वे दिल्ली में हैं। तेज प्रपात ने कहा-हम दिल्ली में हैं… हम जल्द बिहार आ रहे हैं। हम बिहार आएंगे तो सरकार का घेराव करेंगे। बांकीपुर की जनता सब कुछ देख रही है कि किस तरह से एक महिला के साथ अन्याय किया जा रहा है। तेज प्रताप यादव ने कहा-महिला के साथ जब अन्याय होता है तो कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है।अब बिहार आने के बाद मेरा सुदर्शन चक्र चलेगा।

वहीं गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए वीणा मानवी ने खुद पर लगे आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है और यह कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक दबाव में की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है। वीणा मानवी ने कहा-यह सब बीजेपी करवा रही है। मैंने कोई क्राइम नहीं किया है। चुनाव में हार के डर से मुझे फंसाया जा रहा है। जनता सब देख रही है और इसका जवाब चुनाव में देगी।

दूसरी ओर पुलिस ने इस मामले को पूरी तरह कानूनी कार्रवाई बताया है। बताया जा रहा है कि वीणा मानवी के खिलाफ वर्ष 2009 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत आरोप लगाए गए थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अदालत की ओर से जारी आदेश के अनुपालन में ही यह गिरफ्तारी की गई है। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई का चुनाव या किसी राजनीतिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।