राजधानी पटना की सबसे हॉट विधानसभा सीट बांकीपुर पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनावी दलों में सरगर्मी तेज हो गयी है। एक तरफ जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत मैदान में हैं। वहीं राजद इस सीट पर पिछले चुनाव में लड़ चुकी उम्मीदवार रेखा गुप्ता को चुनावी मैदान में उतार दिया है। इस बीच बिहारी बाबू और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बड़ा ऐलान करते हुए बांकीपुर में प्रशांत किशोर को समर्थन देने की घोषणा की है। सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट कर लिखा-बिहार की राजनीति में बड़ा धमाका!
बिहारी बाबू और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट कर लिखा-बिहार की राजनीति में बड़ा धमाका!!!! सबसे योग्य, दूरदर्शी, विलक्षण बुद्धिजीवी, जन-जन के नेता और हर दृष्टि से सबसे अधिक लोकप्रिय, प्रशंसित एवं चर्चित व्यक्तित्व प्रशांत किशोर ने आखिरकार चुनावी मैदान में उतरकर बिहार की राजनीति ही नहीं, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक गलियारों और आम जनता के बीच एक नई हलचल पैदा कर दी है।
एक 'बिहारी बाबू' होने के नाते मुझे यह राजनीतिक घटनाक्रम बेहद रोचक और निश्चित रूप से विस्फोटक प्रतीत होता है। आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है-सबकी एकता। आशा, इच्छा और प्रार्थना है कि आम जनता, विशेषकर युवा पीढ़ी, जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर उनका समर्थन करे। जय बिहार! जय हिंद!
बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव में 5 जुलाई को जनसुराज के सूत्रधार चुनावी रणनीतिकार प्रशांत कुमार ने इस सीट से खुद चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। पीके के ऐलान के बाद ही अगले दिन राष्ट्रीय जनता दल ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया। आरजेडी ने एक बार फिर रेखा गुप्ता को चुनाव के मैदान में उतारा है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाये जाने पर रेखा गुप्ता ने कहा कि राजद अपनी पूरी ताकत से लड़ेगी और जीत हासिल करेगी। इस बार बीजेपी हमसे पीछे रहने वाली है। वहीं बीजेपी ने अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। हालांकि, पार्टी के अंदर मंथन का दौर तेज है। बुधवार को हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीदवार चयन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बता दें कि बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना होगी। चुनाव आयोग ने हाल ही में उपचुनाव की घोषणा की थी। यह सीट भाजपा नेता नीतिन नवीन के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी। नीतिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने बांकीपुर विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी थी। 6 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया औपचारिक रूप शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इच्छुक उम्मीदवार 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। सभी उम्मीदवार आखिरी तारीख तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इच्छुक उम्मीदवार 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी, जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।