बिहार के चर्चित आईएएस अधिकारी और गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का फैसला रद्द कर दिया है। कोर्ट ने पूर्व सांसद को एक महीने में सरेंडर करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद बिहार में सियासत उफान पर है। आनंद मोहन के दोबारा जेल जाने की चर्चा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के एमएलसी सुनील सिंह ने इस पूरे मामले को लेकर आनंद मोहन और बिहार सरकार जमकर निशाना साधा है। उन्होंने आनंद मोहन को पुराने राजनीतिक रिश्तों की याद दिलाते हुए कहा कि जिस तेजस्वी यादव और लालू यादव को उन्होंने धोखा दिया, आज उसी सरकार ने उन्हें भी धोखा दे दिया है।
एमएलसी सुनील सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि आनंद मोहन को अब आत्ममंथन करने की जरूरत है कि आखिर उन्होंने अपने राजनीतिक फैसलों से क्या हासिल किया? उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने बुरे वक्त में साथ दिया, लेकिन आनंद मोहन ने धोखा दिया। अब सरकार ने भी उन्हें धोखा दिया है। समाज भी उनसे सवाल पूछेगा।
सुनील सिंह ने आनंद मोहन को पुराने दिन याद दिलाते हुए कहा कि जब उनका समय ठीक नहीं चल रहा था, तब राष्ट्रीय जनता दल और तेजस्वी यादव ने उनका साथ दिया था। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने आनंद मोहन के बेटे और उनकी पत्नी को टिकट देकर चुनाव लड़ाया और उन्हें जीत दिलाने में भी भूमिका निभाई। उस समय आरजेडी ने राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद आनंद मोहन के परिवार का साथ दिया था। लेकिन जब राजनीतिक समीकरण बदले और सत्ता का रास्ता खुला, तब आनंद मोहन ने आरजेडी से दूरी बना ली और दूसरे राजनीतिक खेमे के साथ चले गए।
सुनील सिंह ने आरोप लगाया कि आनंद मोहन ने लालू यादव और तेजस्वी यादव को धोखा दिया। अब वही राजनीतिक परिस्थितियां उनके सामने खड़ी हैं और जिस सरकार के साथ वह गए थे, उसी ने उन्हें मुश्किल में छोड़ दिया है।राजद एमएलसी ने कहा कि आनंद मोहन को इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। राजनीति में वक्त हमेशा एक जैसा नहीं रहता और मुश्किल समय में कौन साथ खड़ा होता है, इसे याद रखना चाहिए।
सुनील सिंह ने बिहार सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार का काम ही यही है। जब किसी व्यक्ति की जरूरत होती है, तो अपने फायदे के लिए उसे बाहर निकाल दिया जाता है और जब जरूरत खत्म हो जाती है, तो उसे वापस अंदर भेजने की स्थिति पैदा हो जाती है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आनंद मोहन से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट का आदेश है और न्यायालय के फैसले पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
वहीं आनंद मोहन की ओर से समाज की बड़ी बैठक बुलाए जाने को लेकर सुनील सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपने समाज की बैठक बुलाने और अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। इस पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन उन्होंने इसके साथ ही एक सवाल भी खड़ा कर दिया। सुनील सिंह ने कहा कि जब आनंद मोहन किसी राजनीतिक दल को छोड़ते हैं या किसी दूसरे दल में शामिल होते हैं, तब क्या वह अपने समाज से पूछते हैं? राजनीतिक फैसले लेते समय समाज की राय नहीं ली जाती, लेकिन जब परेशानी आती है तो समाज की बैठक बुला ली जाती है। उन्होंने कहा कि अब समाज भी उनसे सवाल पूछेगा कि आखिर उन्होंने समाज के लिए क्या किया है? केवल समाज के नाम पर बैठक बुलाने से काम नहीं चलेगा।