बिहार में पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने बिहार सरकार के सजा में छूट देकर रिहा करने के फैसले को रद्द कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले पर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नीतीश जी और बीजेपी अपनी सहूलियत से अपराधियों को बचाते और फंसाते है। नीतीश कुमार और बीजेपी क़ानून और संविधान की धज्जियां उड़ाना अपना अधिकार समझते है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर तेजस्वी यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश आ गया है। नीतीश कुमार और बीजेपी अपनी मर्जी के हिसाब से लोगों को फंसाती है, जेल भेजती है और फिर अपनी सहूलियत के अनुसार उन्हें बाहर निकाल लेती है। उन्होंने कहा कि आनंद मोहन और अनंत सिंह को यह समझना चाहिए कि ऊपर वाला सब कुछ देख रहा है।
बीजेपी और नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए तेजस्वी यादव ने कहा-यह बीजेपी और नीतीश कुमार का पुराना स्टाइल है। अगर कोई उनका साथ नहीं देता है तो उसे जेल भेज दिया जाता है और अगर साथ देता है तो उसे बाहर निकाल लिया जाता है। आनंद मोहन की रिहाई के मामले में भी सरकार ने यही किया था।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने 26 नवंबर को बिहार सरकार के उस फैसले को रद्द कर दिया, जिसके तहत अप्रैल 2023 में आनंद मोहन को समयपूर्व रिहाई दी गई थी। कोर्ट ने बिहार सरकार के 2023 के रिमिशन नियमों में किए गए बदलाव को असंवैधानिक माना है। कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है। 1994 में तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया की हत्या से जुड़ा यह पूरा मामला है। उनकी पत्नी उमा कृष्णैया ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।