राजधानी की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर बिहार में सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को बीजेपी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा, जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर और जनशक्ति जनता दल से वीणा मानवी ने नॉमिनेशन किया। जहां सबसे ज्यादा चर्चा अब प्रशांत किशोर के हलफनामे की हो रही है। आंकड़ों के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति करीब 198 करोड़ रुपये है। पटना के न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी में प्लॉट, दिल्ली के वसंत विहार में मकान, गाजियाबाद के इंदिरापुरम और वसुंधरा में फ्लैट, बक्सर में जमीन और रोहतास में आवासीय संपत्ति उनके नाम दर्ज है। वहीं उनकी पत्नी के नाम गुवाहाटी और नोएडा में भी करोड़ों रुपये की संपत्तियां हैं।
हलफनामे के अनुसार प्रशांत किशोर के पास करीब 22 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 73 करोड़ 87 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। दूसरी ओर उनकी पत्नी के नाम करीब 102 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है। दोनों की संपत्तियों को जोड़ें तो यह आंकड़ा लगभग 200 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। प्रशांत किशोर ने हलफनामे में यह भी बताया है कि उनके पास कोई कृषि भूमि नहीं है। हालांकि रोहतास जिले में उनके नाम 3 एकड़ 21 डिसमिल गैर-कृषि भूमि है, जिसे वर्ष 2014 में खरीदा गया था। वर्तमान में इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ 75 लाख रुपये है। इसके अलावा 2014 के बाद उन्होंने लगभग 49 करोड़ 50 लाख रुपये की नई अचल संपत्तियां भी अर्जित की हैं। उनके बैंक खातों में करीब 7 करोड़ 36 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट भी दर्ज है। प्रशांत किशोर की एक प्राइवेट कंपनी में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है. इस कंपनी ने 2024-25 के दौरान जन सुराज पार्टी को 85 करोड़ रुपये और जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख रुपये का दान दिया.
वहीं बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के शपथपत्र के मुताबिक, उनके पास करीब 20.28 लाख रुपये की कुल चल और अचल संपत्ति है। उनके नाम पर न तो कोई मकान, फ्लैट या व्यावसायिक भवन है और न ही कोई वाहन। आय के मामले में भी उनका दायरा सीमित है। ऐसे में अगर दोनों की संपत्ति की तुलना करें, तो प्रशांत किशोर की दौलत नीरज कुमार सिन्हा से लगभग 950 गुना अधिक है। अगर तुलना को और आगे बढ़ाएं तो बांकीपुर सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी इस मामले में प्रशांत किशोर से काफी पीछे नजर आते हैं। नितिन नवीन, जो बांकीपुर से पांच बार विधायक रहे हैं और बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री जैसे अहम विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, उनके अंतिम चुनावी हलफनामे के अनुसार करीब 3.07 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
यानी संपत्ति के मामले में प्रशांत किशोर, नितिन नवीन से भी करीब 64 गुना अधिक संपत्ति के मालिक हैं। इस तरह बांकीपुर उपचुनाव में दौलत के पैमाने पर देखें तो प्रशांत किशोर अपने दोनों प्रमुख बीजेपी चेहरों नीरज कुमार सिन्हा और नितिन नवीन से काफी आगे दिखाई देते हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या करीब 198 करोड़ की संपत्ति वाले प्रशांत किशोर बांकीपुर की जनता का भरोसा जीत पाएंगे? क्या बीजेपी का वर्षों पुराना गढ़ इस बार भी अडिग रहेगा, या जनता बदलाव चुनकर बांकीपुर में नया राजनीतिक इतिहास लिखेगी?
पटना से आभा की रिपोर्ट