नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति को उनका अधिकार और उचित भागीदारी दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण का विरोध करने वाली राजनीतिक पार्टियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए उनका संकल्प मजबूत है। पीएम मोदी ने नारी शक्ति के समर्थन पर भरोसा जताते हुए कहा कि हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
महिला आरक्षण पर PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया
महिला आरक्षण पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल की शुक्रवार बैठक हुई थी। इस दौरान परिसीमन से जुड़े नए महिला आरक्षण विधेयक को संभवत: मंजूरी दे दी गई थी, जिसे अगले सप्ताह से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की विशेष बैठक में इस विधेयक को मंजूरी के लिए पेश किया गया।