सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। बिना वेरिफिकेशन वाले यूज़र्स (बिना Blue Tick) के लिए बुरी खबर है। अब तक यह प्लेटफॉर्म अपनी खुली पोस्टिंग और बिना रोक-टोक बातचीत के लिए जाना जाता था, जहां लोग बिना किसी खास रोक-टोक के लगातार पोस्ट करते रहते थे। X पर यूज़र्स लाइव इवेंट्स, मीम्स और ट्रेंडिंग मुद्दों पर लगातार अपनी राय साझा करते थे। लेकिन अब यह आज़ादी सीमित होती दिखाई दे रही है।
हाल ही में कई यूजर्स ने नोटिस किया कि प्लेटफॉर्म X ने बड़ा बदलाव करते हुए चुपचाप पोस्टिंग लिमिट्स में बदलाव कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जिन अकाउंट्स पर ब्लू टिक नहीं है यानि बिना वेरिफिकेशन वाले यूज़र्स अब एक दिन में सिर्फ 50 ओरिजिनल पोस्ट और 200 रिप्लाई ही कर पाएंगे। ऐसे में जो यूज़र्स लगातार एक्टिव रहते हैं, उनके लिए यह सीमा जल्दी पूरी हो सकती है।
प्लेटफॉर्म के हेल्प सेंटर में अभी भी पुरानी जानकारी दिखाई दे रही है, जिसमें यूज़र्स को रोज़ाना 2,400 पोस्ट तक की अनुमति बताई गई है। इससे संकेत मिलता है कि बिना किसी ऐलान के यह बदलाव धीरे-धीरे लागू किया गया है। नए नियमों के अनुसार, जैसे ही कोई यूज़र तय सीमा पार करेगा, स्क्रीन पर एक एरर मैसेज दिखाई देगा जिसमें बताया जाएगा कि पोस्टिंग लिमिट पूरी हो चुकी है।
ऐसे में अब ज्यादा पोस्टिंग की सुविधा पाने के लिए यूज़र्स को X Premium सब्सक्रिप्शन लेना पड़ सकता है। प्लेटफॉर्म का सबसे सस्ता Basic प्लान करीब 3 डॉलर प्रति महीना यानी लगभग 250 रुपये में आता है जबकि सालाना प्लान की कीमत लगभग 2,700 रुपये बताई जा रही है।
बता दें कि हाल ही में एक्स ने अपने यूजर्स के लिए एक नया History फीचर लॉन्च कर दिया है। इस फीचर का मकसद यूजर्स को अपनी पुरानी एक्टिविटी को आसानी से देखने की सुविधा देना है। अब एक्स यूजर्स आसानी से उन वीडियो, फोटोज और आर्टिकल पर पहुंच पाएंगे जो उन्होंने पहले कभी देखा होगा। X ने अपने History फीचर में यूजर्स को चार अलग-अलग सेक्शन दिए हैं। इसमें Bookmarks, Likes, Videos और Articles, शामिल हैं। इन सभी सेक्शन से यूजर्स के लिए कंटेंट को दोबारा देखना ज्यादा आसान हो जाता है।