सरकार ने हाई कोर्ट में बताया, 'CJP नेता सौरव दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस...'

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोके जाने के मामले में विवाद बढ़ता जा रहा है।

नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोके जाने के मामले में विवाद बढ़ता जा रहा है। इस मामले में केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट को बताया है कि सौरव दास के खिलाफ मुंबई पुलिस की ओर से लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था। इसी के आधार पर उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर रोका गया।

दिल्ली एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने लंदन जाने से रोक दिया - सौरव दास

दरअसल, सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया था कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने लंदन जाने से रोक दिया। उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एक लेक्चर देना था, लेकिन एयरपोर्ट पर रोके जाने के कारण वह यात्रा नहीं कर सके। इस घटना के बाद उन्होंने विदेश जाने की अनुमति नहीं दिए जाने को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया था।

मुंबई पुलिस ने जारी किया था LOC

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि सौरव दास के खिलाफ मुंबई पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। एयरपोर्ट पर उनके खिलाफ कार्रवाई इसी सर्कुलर के आधार पर की गई। केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने यह भी बताया कि सौरव दास के पासपोर्ट में कुछ गड़बड़ियां पाई गई हैं, जिनका असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है। वहीं, सौरव दास के वकील ने अदालत में कहा कि उन्हें एलओसी जारी किए जाने की कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उनका कहना था कि इस संबंध में उन्हें सूचित नहीं किया गया।