समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का गुरुवार को दोपहर में अंतिम संस्कार किया गया। भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव आज पंचतत्व में विलीन हो गए। प्रतीक यादव के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उनको मुखाग्नि दी। प्रतीक का अंतिम संस्कार लखनऊ के बैकुंठधाम (भैंसाकुंड) श्मशान घाट पर हुआ। पत्नी अपर्णा यादव, भाभी डिंपल यादव, अखिलेश यादव, चाचा शिवपाल समेत तमाम परिवार के लोग और नेता वहां मौजूद थे। अखिलेश ने भाई की चिता पर लकड़ी रखी और अंतिम प्रणाम किया। प्रतीक की दोनों बेटियां भी श्मशान घाट पर मौजूद थीं। दोनों ने भी पिता की चिता पर लकड़ी रखी।
अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार को लखनऊ के बैकुंठधाम (भैंसाकुंड) में किया गया। सुबह 11: 30 बजे उनकी अंतिम यात्रा सपा दफ्तर से शुरू होकर बैकुंठधाम श्मशान घाट के लिए रवाना हुई। भाभी डिंपल यादव, चाचा शिवपाल यादव समेत तमाम परिवार के लोग इस दुख की घड़ी पर प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव के साथ मौजूद थे। प्रतीक के पार्थिव शरीर को धर्मेंद्र यादव और शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव ने कंधा दिया। प्रतीक यादव के अंतिम यात्रा में हुजूम उमड़ा हुआ था।प्रतीक की अंतिम यात्रा निकाली गई। हजारों समर्थक साथ-साथ चले और 'प्रतीक यादव अमर रहें' के नारे लगाए।
प्रतीक यादव का बीते बुधवार को निधन हो गया था. इसके बाद उनका पोस्टमार्टम कराया गया था। फिर उनके शव को अंतिम दर्शन के लिए घर पर रखा गया था। करीब 24 घंटे से अधिक वक्त के बाद प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार किया गया है। इस दौरान बैकुंठधाम भैंसाकुंड श्मशान घाट पर प्रतीक के चाहने वाले और समाजवादी पार्टी के समर्थक मौजूद रहे।
भाई प्रतीक यादव के पंच तत्व में विलीन होने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव करीब आधे घंटे तक अपने बेटे अर्जुन यादव, चाचा शिवपाल यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ श्मशान घाट पर मौजूद रहे, जिसके बाद वह वापस घर की ओर रवाना हो गए।
प्रतीक एनिमल लवर थे। शव वाहन पर उनकी डॉग्स और बंदर के साथ वाली तस्वीर लगाई गई। सुबह शव को अंतिम दर्शन के लिए घर में रखा गया। दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने प्रतीक को श्रद्धांजलि दी। शिवपाल और डिंपल यादव ने भी अंतिम दर्शन किए। रात में पत्नी अपर्णा दोनों बेटियों के साथ शव के पास बैठी रहीं।
बता दें कि प्रतीक यादव का बुधवार सुबह 6 बजे 38 साल की उम्र में निधन हुआ था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह कार्डिएक अरेस्ट बताई गई। उनके शरीर पर 6 चोटें पाई गईं, जो मौत से पहले लगी थीं। इनमें 3 चोटें 7 दिन पुरानी और 3 चोटें एक दिन पुरानी थीं। उनका विसरा सुरक्षित रखा गया है। प्रतीक, मुलायम यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। पत्नी अपर्णा भाजपा नेता हैं। इस वक्त राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।