लोकसभा में गूंजा पलामू का बैंकिंग संकट, सांसद वीडी राम ने रेडमा SBI शाखा फिर खोलने की उठाई मांग

लोकसभा में गूंजा पलामू का बैंकिंग संकट, सांसद वीडी राम ने रेडमा SBI शाखा फिर खोलने की उठाई मांग

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 18, 2026, 4:00:00 PM

पलामू संसदीय क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं की कमी का मुद्दा अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया है। सांसद विष्णु दयाल राम ने लोकसभा में नियम 377 के तहत इस समस्या को उठाते हुए मेदिनीनगर के रेडमा इलाके में स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बंद पड़ी शाखा को फिर से चालू करने की मांग की।

उन्होंने सदन को बताया कि रेडमा जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में बैंक शाखा बंद होने से आम लोगों को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर पेंशनधारियों और स्थानीय व्यापारियों को अपने काम के लिए मेदिनीनगर की मुख्य शाखा पर निर्भर रहना पड़ता है, जहां उन्हें घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है।

सांसद ने गढ़वा जिले के दूरदराज इलाकों में बैंकिंग ढांचे की कमी को भी रेखांकित किया। उन्होंने बरगढ़ और बिशुनपुरा जैसे प्रखंड मुख्यालयों में नई एसबीआई शाखाएं खोलने का सुझाव दिया, ताकि ग्रामीण और आदिवासी आबादी को बैंकिंग सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध हो सकें। इससे किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

विष्णु दयाल राम ने केंद्र सरकार, विशेषकर वित्त मंत्रालय से इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप की अपील की। उनका कहना था कि आकांक्षी जिलों में बुनियादी बैंकिंग सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है, क्योंकि इनके अभाव में लोगों को अनावश्यक रूप से भटकना पड़ता है।