झारखंड में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। बीते कुछ महीनों में ड्रग तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी के बीच अब राज्य पुलिस बड़े नेटवर्क पर प्रहार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में पंजाब मूल के एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर दलजिंदर सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है, जिसे इंग्लैंड से भारत लाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, झारखंड रेल पुलिस के डीजी अनिल पालटा के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दलजिंदर सिंह के पासपोर्ट को निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। साथ ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए इंटरपोल की सहायता ली जा रही है, ताकि उसे जल्द से जल्द भारत लाया जा सके।
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा वर्ष 2024 में हुआ था, जब 21 नवंबर को डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने तीन लोगों को अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये आंकी गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में पलामू जिले के निवासी ज्ञांती देवी, नागेंद्र पासवान और वीरेंद्र साव शामिल थे।
पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने स्वीकार किया था कि वे यह अफीम पंजाब स्थित दलजिंदर सिंह तक पहुंचाने जा रहे थे। जांच के दौरान पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति रामदेव यादव को भी पकड़ा, जिसने कथित तौर पर अफीम को बाइक के जरिए रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया था। उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।