आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ जैन ने झारखंड के औद्योगिक परिवेश की सराहना करते हुए कहा है कि राज्य में निवेश के लिए जिस तरह की संस्थागत मजबूती और प्रशासनिक स्पष्टता दिखाई देती है, वह देश के कई हिस्सों के लिए एक उदाहरण बन सकती है।
उन्होंने बताया कि निवेश प्रस्तावों की निगरानी के लिए विकसित किया गया केंद्रीकृत फील्ड-वर्क सिस्टम, उद्योगों के अनुकूल नीतियाँ, स्थिर निर्णय प्रक्रिया और समय पर मिलने वाली स्वीकृतियाँ किसी भी बड़े उद्योग के लिए निर्णायक भूमिका निभाती हैं। इसके साथ ही मजबूत आधारभूत ढांचे ने भी झारखंड को बड़े पैमाने पर औद्योगिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त बनाया है।
सिद्धार्थ जैन के अनुसार, इन्हीं अनुकूल परिस्थितियों के चलते उनकी कंपनी ने राज्य में दीर्घकालिक रणनीति के तहत निवेश करने का फैसला लिया। झारखंड में आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स का ₹1200 करोड़ से अधिक का निवेश इस बात का संकेत है कि कंपनी राज्य को केवल एक बाजार नहीं, बल्कि भविष्य के विस्तार के लिए एक भरोसेमंद और रणनीतिक साझेदार के रूप में देख रही है।