IICDEM-2026 में झारखंड की सक्रिय भागीदारी, मतदाता सूची पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा हुए अनुभव

IICDEM-2026 में झारखंड की सक्रिय भागीदारी, मतदाता सूची पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा हुए अनुभव

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 21, 2026, 7:03:00 PM

नई दिल्ली के भारत मंडपम में 21 से 23 जनवरी तक भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन (IICDEM) 2026 में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ झारखंड ने भी प्रभावी सहभागिता दर्ज कराई।

सम्मेलन के उद्घाटन दिवस पर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के नेतृत्व में राज्य के विशेषज्ञ वक्ताओं ने “मतदाता पंजीकरण और मतदाता सूची” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। यह सत्र विशेष रूप से फिलीपींस और मालदीव के चुनाव प्रबंधन निकायों के साथ ज्ञान और अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए समर्पित रहा।

इस सत्र में फिलीपींस के चुनाव प्रबंधन निकाय के अध्यक्ष नोली आर. पीपो और मालदीव के निर्वाचन प्रबंधन निकाय की प्रतिनिधि साहुला इस्माईल ने अपने-अपने देशों की चुनावी व्यवस्थाओं और मतदाता पंजीकरण प्रक्रियाओं पर प्रकाश डाला। उनके साथ सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के डॉ. आलोक कुमार गुप्ता, संत जेवियर्स कॉलेज, रांची के डॉ. बीरेंद्र कुमार सिन्हा और आईआईएम रांची के डॉ. चार्वाक पाती ने भी मतदाता सूची के प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान दिए।

कार्यक्रम में फिलीपींस और मालदीव से आए अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के अलावा सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड, संत जेवियर्स रांची, आईआईएम रांची, नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के शोधार्थी, निर्वाचन आयोग के राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर तथा भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखंड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।