अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 15वां दिन है। खाड़ी देशों से LPG लेकर आ रहे भारत के दो जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर गए हैं। ईरान ने एक दिन पहले इन जहाजों को गुजरने की अनुमति दी थी और अब ये भारत के पश्चिमी तट की ओर बढ़ रहे हैं।
शिपिंग जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा के मुताबिक भारतीय झंडे वाले LPG कैरियर शिवालिक और नंदा देवी ने शनिवार होर्मुज स्ट्रेट पार किया। दोनों जहाज कुल 92,700 टन LPG लेकर भारत आ रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों जहाज गुजरात के मुंद्रा और कांडला बंदरगाह की ओर जा रहे हैं और इनके अगले 2-3 दिनों में भारत पहुंचने की संभावना है। ये दोनों जहाज उन 24 जहाजों में शामिल थे, जो मिडिल-ईस्ट में जंग शुरू होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट के पश्चिमी हिस्से में फंस गए थे।
भारत सरकार के शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने कहा, फारस की खाड़ी में अब भी 22 भारतीय झंडे वाले जहाज मौजूद हैं. जिसमें 6 LPG टैंकर, 1 LNG कैरियर, 4 कच्चे तेल के टैंकर, 1 केमिकल उत्पादों का टैंकर, 3 कंटेनर जहाज, 2 बल्क कैरियर और 1 ड्रेजर। इसके अलावा, एक जहाज खाली बैलेस्ट पर है और तीन ड्राई डॉक में हैं. खाली बैलेस्ट का मतलब है कि वे कोई माल नहीं ले जा रहे हैं, और ड्राई डॉक का मतलब है कि वे मरम्मत और रखरखाव के काम में लगे हैं—यानी उनका नियमित और समय-समय पर होने वाला रखरखाव चल रहा है.