ईरान ने सऊदी में अमेरिकी दूतावास पर किया ड्रोन अटैक, ट्रम्प बोले- अमेरिकी तुरंत मिडिल ईस्ट छोड़े

इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग का आज चौथा दिन है। इस बीच ईरान से आए दो ड्रोनों ने सऊदी अरब के रियाद में अमेरिकी दूतावास पर हमला किया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 03, 2026, 9:08:00 AM

इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग का आज चौथा दिन है। हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं और पूरे मिडिल ईस्ट में बेचैनी बढ़ गई है। इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। ईरान से आए दो ड्रोन ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाने की कोशिश की।

ड्रोन हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हमले के बाद दूतावास के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जांच एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

वहीं, डोनाल्ड ट्रम्प ने मिडिल ईस्ट में रह रहे अमेरिकियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने और क्षेत्र छोड़ने की सलाह दी है। व्हाइट हाउस में दिए गए अपने बयान में ट्रम्प ने कहा कि ईरान पर अभी सबसे बड़ा हमला बाकी है।

ट्रम्प ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह जंग 4 से 5 हफ्तों तक चल सकती है, लेकिन जरूरत पड़ी तो अभियान इससे अधिक समय तक भी जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई कर रही है और दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना होने के नाते अमेरिका हर चुनौती से निपटने में सक्षम है।

ट्रम्प के अनुसार, ईरान ने परमाणु कार्यक्रम दोबारा शुरू न करने की अमेरिकी चेतावनी को नजरअंदाज किया, जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा को खतरा बढ़ गया। फिलहाल पूरे विश्व की नजर इस संघर्ष पर टिकी हुई है।