कोवेंट्री से आई शहरी नवाचार की प्रेरणा, झारखंड में बदलेगा ट्रांसपोर्ट और प्लानिंग

कोवेंट्री से आई शहरी नवाचार की प्रेरणा, झारखंड में बदलेगा ट्रांसपोर्ट और प्लानिंग

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 22, 2026, 7:25:00 AM

यूनाइटेड किंगडम यात्रा के दौरान झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने ब्रिटेन के शहर कोवेंट्री में शहरी विकास से जुड़े प्रमुख संस्थानों का दौरा किया। इस अध्ययन यात्रा का मकसद आधुनिक शहरों में अपनाए जा रहे ज़ीरो-एमिशन मॉडल, उन्नत मोबिलिटी सिस्टम और टिकाऊ शहरी प्रबंधन के प्रत्यक्ष अनुभव हासिल करना रहा।

प्रतिनिधिमंडल ने Coventry City Council और Coventry University के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वच्छ और स्मार्ट शहरों के निर्माण में नीति, तकनीक और प्रशासनिक साझेदारी की भूमिका पर गहन चर्चा की। इस संवाद में इस बात पर जोर दिया गया कि अकादमिक शोध और सरकारी नीतियों के समन्वय से ही भविष्य के टिकाऊ शहरों की नींव रखी जा सकती है।

इसके तहत प्रतिनिधिमंडल ने कोवेंट्री के सिटी बस डिपो का भी निरीक्षण किया, जहां इलेक्ट्रिक वाहनों पर आधारित सार्वजनिक परिवहन प्रणाली और स्मार्ट डिपो संचालन की कार्यप्रणाली को समझा गया। ज़ीरो-एमिशन बसों के रखरखाव, संचालन और यात्री सुविधा से जुड़े मॉडल को झारखंड के शहरी परिवहन ढांचे में लागू करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

कोवेंट्री सिटी काउंसिल की प्रस्तुतियों में शहरी मोबिलिटी के नए प्रयोगों, भविष्य की ट्रांसपोर्ट टेक्नोलॉजी, शहर नियोजन और सार्वजनिक स्थलों के विकास पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से Coventry Very Light Rail (VLR) परियोजना को कम लागत, पर्यावरण-अनुकूल और नागरिकों के लिए सुविधाजनक शहरी परिवहन समाधान के तौर पर पेश किया गया।

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि कोवेंट्री के अनुभव झारखंड के शहरों को अधिक स्वच्छ, स्मार्ट और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने में मार्गदर्शक साबित हो सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन अंतरराष्ट्रीय सीखों के आधार पर राज्य में शहरी मोबिलिटी, सार्वजनिक परिवहन, शहर नियोजन और सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए नवाचारपूर्ण और व्यावहारिक नीतियाँ तैयार की जाएंगी।