झारखंड-बिहार में आयकर विभाग की बड़ी दबिश, रांची समेत कई जिलों में एक साथ छापेमारी

झारखंड-बिहार में आयकर विभाग की बड़ी दबिश, रांची समेत कई जिलों में एक साथ छापेमारी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 29, 2026, 10:17:00 AM

आयकर विभाग की अनुसंधान इकाई ने गुरुवार को झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में समन्वित कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। इस अभियान का केंद्र केवल रांची नहीं रहा, बल्कि जमशेदपुर, हजारीबाग और बिहार के कुछ अहम जिलों में भी आयकर विभाग की टीमें एक साथ सक्रिय रहीं, जिससे कारोबारी जगत में खलबली मच गई।

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई बाबा राइस मील से जुड़े प्रतिष्ठानों पर केंद्रित है। रांची में कांके रोड, नगड़ी, हरमू, बरियातू और रातू रोड समेत कई स्थानों पर विभाग की टीमों ने दस्तक दी। विभाग को इनपुट मिला था कि कुछ बड़े कारोबारी अपनी वास्तविक आमदनी छिपाकर व्यापक स्तर पर कर अपवंचन कर रहे हैं। इसी आधार पर गुरुवार सुबह एक साथ कई जगहों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि वर्ष 2026 में आयकर विभाग द्वारा यह पहली बड़ी छापेमारी कार्रवाई है। फिलहाल जांच और दस्तावेजों की पड़ताल का काम जारी है। विभाग की ओर से अभी तक किसी भी कारोबारी या प्रतिष्ठान का आधिकारिक नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। बरामद कागजात और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।