नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। शुक्रवार को विशेष सत्र को लेकर कैबिनेट की बैठक हुई। कैबिनेट की बैठक में सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंदूरी दे दी है। राजनीतिक दलों के बीच फिलहाल परिसीमन बिल को लेकर फिलहाल समर्थन और विरोध की स्थिति स्पष्ट नहीं है। समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया है जबकि डीएमके और बीआरएस ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन का संकेत दिया है। कांग्रेस ने इसे संविधान पर हमला बताया है।
सरकार ने अप्रैल में परिसीमन बिल और महिला आरक्षण संशोधन बिल को पास कराने की कोशिश की थी
आपको बता दें कि केंद्र सरकार ने अप्रैल में परिसीमन बिल और महिला आरक्षण संशोधन बिल को पास कराने की कोशिश की थी लेकिन दो-तिहाई का नंबर नहीं होने के चलते पारित नहीं करा सकी। लेकिन इस बार सरकार पूरे होमवर्क के साथ मैदान में उतरने की तैयारी में है। सात महीने में राजनीतिक समीकरण भी काफी बदल चुके हैं। सरकार को उम्मीद है कि इस बार वह विपक्ष के कुछ दलों को साथ लाकर संसद में जरूरी दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा आसानी से पा सकती है।
RJD सांसद किया ने परिसीमन का समर्थन
गया में जहानाबाद के राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने परिसीमन विधेयक पर बड़ा बयान दे दिया है। उन्होंने इसका समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वे इसके पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही विकास और क्षेत्रफल के लिहाज से सरकार पर जिम्मेदारियां और दबाव भी बढ़ा है। ऐसे में बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए परिसीमन होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि परिसीमन से जनता और जनप्रतिनिधि दोनों को फायदा होगा और विकास कार्य भी बढ़ेंगे।
परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी
केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। इसके तहत लोकसभा की सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है। वहीं, राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे की मौजूदा व्यवस्था को अगले 25 साल तक यानी 2051 तक स्थिर रखा जाएगा।
BJP सांसदों को जारी होगा तीन लाइन का व्हिप
वहीं बीजेपी जल्द ही लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी करेगी। सांसदों को 30 नवंबर से दो दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए जाएंगे।
शनिवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं की बैठक
परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक विशेष सत्र में पेश होना है। ऐसे में इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने संसद की रणनीति पर चर्चा के लिए शनिवार सुबह 11:30 बजे राजाजी मार्ग पर बैठक बुलाई है।
AAP करेगी परिसीमन बिल का विरोध
आप सांसद संजय सिंह ने डीएमके से कहा कि अगर वह इस बिल का समर्थन करती है तो यह ऐतिहासिक गलती होगी। परिसीमन बिल पास होने के बाद बीजेपी को हराना बेहद मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने इसे परिसीमन बिल के बजाय 'बीजेपी जिताओ बिल' बताया। संजय सिंह ने कहा कि यूपी जैसे बीजेपी के प्रभाव वाले राज्यों के मुकाबले दक्षिणी राज्यों की ताकत कम हो जाएगी।
संसद में सभी सांसद सक्रिय भूमिका निभाएं - रिजिजू
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लोकतंत्र में सांसद सरकार से सहमत हो सकते हैं या उसके फैसलों का विरोध कर सकते हैं। लेकिन संसद का सत्र चलना जरूरी है, क्योंकि पूरा देश देख रहा है कि संसद में अपनी बात कैसे रखी जाती है। सदन की कार्यवाही प्रभावी तरीके से चलाना हर सांसद की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कौन से विधेयक पेश किए जाएंगे, इसकी जानकारी बाद में देंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि एक अहम बिल लाया जाएगा जो दो-तीन दिसंबर को पेश किया जा सकता है। फिलहाल सरकार कुछ बहुत अहम कामकाज लेकर आ रही है। सभी सांसदों को इसमें सक्रिय और रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए। दुनिया भारत की ओर देख रही है, क्योंकि भारत सबसे बड़ा लोकतंत्र है। ऐसे में संसद का सत्र पूरी जिम्मेदारी के साथ चलाना हमारा कर्तव्य है।