छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके दंतेवाड़ा और बीजापुर की सीमा पर सुरक्षा बलों को एक अहम सफलता मिली है। सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली राजेश पुनेम मारा गया। घटनास्थल से सुरक्षा बलों ने कई आधुनिक हथियार और नक्सली साहित्य भी बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 3 मार्च को थाना गीदम क्षेत्र के अंतर्गत गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा हथियार और अन्य सामग्री छिपाकर रखने की सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी राहुल कुमार उइके के नेतृत्व में डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया।
सर्चिंग के दौरान जब सुरक्षाबल संदिग्ध इलाके की ओर बढ़ रहे थे, उसी दौरान घात लगाकर बैठे करीब 8 से 10 नक्सलियों ने रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच जवानों पर अचानक हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ खत्म होने के बाद जब इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया तो एक नक्सली का शव बरामद हुआ।
बाद में उसकी पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के एसीएम (ACM) राजेश पुनेम के रूप में हुई, जिस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। घटनास्थल से सुरक्षाबलों ने SLR, इंसास रायफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी, मैगजीन के अलावा बड़ी संख्या में जिंदा और इस्तेमाल किए गए कारतूस भी जब्त किए हैं।
इसी बीच बीजापुर जिले में भी सुरक्षाबलों ने एक अन्य मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया, जिनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। दोनों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस कार्रवाई के दौरान भी SLR और इंसास जैसे हथियार बरामद किए गए।
बीजापुर के एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने इस मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।