भारत 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS Summit हो रहा है। जिसमें दुनिया की तीन बड़ी ताकतें एक साथ नजर आई। नई दिल्ली में हुए BRICS Summit के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग साथ दिखाई दे रहे हैं। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से आई तस्वीर में दुनिया की तीन बड़ी ताकतों के नेता एक फ्रेम में नजर आ रहे हैं। पीएम मोदी दोनों नेताओं का हाथ थामे नजर आए। एक फ्रेम में दुनिया की तीन बड़ी ताकतों (भारत-चीन-रूस) के नेताओं की मौजूदगी BRICS के बढ़ते वैश्विक कद और कूटनीतिक अहमियत को दिखाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अंदाज खूब वायरल हो रहा हैं, जहां वो एक के बाद एक दुनिया के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। कहीं गर्मजोशी से हाथ मिलाते मोदी दिखे, तो कहीं गंभीर बातचीत करते नजर आए। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात पर दुनिया की नजर है। चीन के राष्ट्रपति 12 सितंबर को BRICS Summit में हिस्सा लेने भारत पहुंचे हैं। दोनों नेताओं की द्विपक्षीय बैठक आज शाम प्रस्तावित है। करीब सात साल बाद शी जिनपिंग के भारत दौरे के बीच होने वाली इस मुलाकात में भारत-चीन संबंधों, सीमा और आपसी सहयोग से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है।
BRICS की नई दिल्ली घोषणा में सदस्य देशों ने जंग और टकराव रोकने, अंतरराष्ट्रीय विवादों का समाधान बातचीत और कूटनीति से करने और वैश्विक मुद्दों पर सभी देशों के नजरिए का सम्मान करने पर जोर दिया। घोषणा में एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों पर चिंता जताते हुए इन्हें WTO नियमों के खिलाफ बताया गया। पीएम मोदी ने ब्रिक्स देशों के सामने नई दिल्ली घोषणा 2026 को अपनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि किसी भी सदस्य ने कोई आपत्ति नहीं जताई है। इसके बाद नई दिल्ली घोषणा 2026 को सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दो दिन चलने वाले सालाना ब्रिक्स समिट की शुरुआत करते हुए कहा कि ग्लोबल साउथ को अलग-अलग चुनौतियों से निपटने के लिए 'नियम तय करने वाला' बनना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि भारत में सभी मेहमानों का स्वागत करना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की BRICS अध्यक्षता पूरी तरह से 'मानवता-प्रथम' और 'जन-केंद्रित' सोच पर आधारित रही है।
बता दें कि भारत 12 और 13 सितंबर (शनिवार और रविवार) को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।इस सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और ईरान, दक्षिण अफ्रीका व मिस्र के राष्ट्रपतियों सहित कई वैश्विक नेता हिस्सा ले रहे हैं।
इस बार भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की थीम रेजिलियंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन और सस्टेनेबिलिटी रखी गई है। सीधे शब्दों में कहें तो थीम इंसानियत सबसे पहले की भावना से जुड़ी है। पीएम मोदी की अध्यक्षता में हो रहे इस ब्रिक्स समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंज और ईरान, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र के राष्ट्रपतियों सहित कई प्रमुख वैश्विक नेता हिस्सा ले रहे हैं।