राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क के खिलाफ गुरुवार को 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। एक पाकिस्तानी हैंडलर और सीमा पार से रची जा रही आतंकी साजिश के सिलसिले में देश के चार राज्यों में 12 स्थानों पर एक साथ छापामारी हुई । एजेंसी ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र में कुल 12 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। बिहार के किशनगंज जिले में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया।
एनआईए के अधिकारियों के अनुसार यह तलाशी अभियान उत्तर प्रदेश में पांच, महाराष्ट्र में तीन, राजस्थान में दो और बिहार में दो ठिकानों पर चलाया गया। पाकिस्तान से जुड़े आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ NIA की बड़ी कार्रवाई हुई है। एनआईए की यह कार्रवाई पाकिस्तान से जुड़े ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और उसके भारतीय सहयोगियों के नेटवर्क को लेकर की जा रही है।
पाकिस्तान से जुड़े ऑपरेटिव जसवीर चौधरी ने भारतीय सहयोगियों के साथ IED की बड़ी खेप हासिल की थी। भारत-पाकिस्तान सीमा के जरिए ड्रोन से खेप भेजी गई थी। पंजाब, दिल्ली और अन्य राज्यों में ब्लास्ट की योजना थी। NIA की टीमें दस्तावेज और डिजिटल सबूत खंगाल रही है। पूरे नेटवर्क और उसके विदेशी कनेक्शन की गहन जांच हो रही है। देश की सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर षड्यंत्र का खुलासा हुआ है।
केंद्रीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस की मदद से एक साथ की गई इस कार्रवाई के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और अहम दस्तावेजों के साथ डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए हैं। एजेंसी इन डिजिटल सबूतों की फोरेंसिक जांच कर रही है। बिहार के किशनगंज जिले में पोठिया थाना क्षेत्र के मिर्जापुर पंचायत अंतर्गत जनता हाट इलाके में भारी सुरक्षा बलों के साथ पहुंची एनआईए टीम ने स्थानीय निवासी मनोज रविदास के घर पर छापेमारी की।
इस दौरान पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के बाद टीम मनोज रविदास को अपने साथ लेकर चली गई। हालांकि, उसे किस आधार पर हिरासत में लिया गया है, इसको लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एनआईए अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई और खुलासे हो सकते हैं।