बकरीद को लेकर दो दिन प्रभावित रहेंगी बैंकिंग सेवाएं, ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू

बकरीद को लेकर दो दिन प्रभावित रहेंगी बैंकिंग सेवाएं, ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 27, 2026, 1:39:00 PM

ईद-उल-अजहा के अवसर पर देशभर में बैंक अलग-अलग दिनों में बंद रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी अवकाश सूची के अनुसार, 27 और 28 मई को विभिन्न राज्यों में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। चांद दिखने की तारीख अलग होने के कारण त्योहार भी अलग-अलग दिनों में मनाया जा रहा है, जिसके चलते बैंक छुट्टियां दो दिनों में विभाजित की गई हैं।

बुधवार, 27 मई को उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई शहरों में बकरीद मनाई जा रही है। इस कारण दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, देहरादून, चंडीगढ़ और शिमला समेत कई शहरों में बैंक बंद हैं। इसके अलावा भोपाल, रायपुर, रांची और कोलकाता में भी शाखाएं नहीं खुलेंगी। पूर्वोत्तर के गुवाहाटी, अगरतला, कोहिमा और इम्फाल के साथ-साथ केरल के कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में भी बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

वहीं गुरुवार, 28 मई को पश्चिमी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में ईद-उल-अजहा मनाई जाएगी। इस दिन मुंबई, नागपुर, बेलापुर, पणजी, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और विजयवाड़ा में बैंक अवकाश रहेगा। इसके अलावा पटना, जयपुर, आइजोल और शिलांग में भी बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

हालांकि शाखाओं में अवकाश रहेगा, लेकिन ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के लिए चिंता करने की जरूरत नहीं है। यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग ऐप सामान्य रूप से काम करते रहेंगे। नकद निकासी और अन्य जरूरी लेनदेन के लिए एटीएम सेवाएं भी लगातार उपलब्ध रहेंगी।