अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के चेयरमैन अज़ीम प्रेमजी ने की झारखण्ड के विजन 2050 की सराहना

अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के चेयरमैन अज़ीम प्रेमजी ने की झारखण्ड के विजन 2050 की सराहना

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 21, 2026, 7:48:00 PM

वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम, दावोस में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड ने “प्रकृति के साथ संतुलित विकास” की अवधारणा को सामने रखते हुए वैश्विक मंच पर अपनी भागीदारी दर्ज कराई है। इस रणनीतिक पहल को उद्योग जगत के दिग्गज और अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के अध्यक्ष अज़ीम प्रेमजी ने खुले तौर पर सराहा है।

अज़ीम प्रेमजी ने कहा कि यह सुखद संकेत है कि झारखंड सरकार विकास को लेकर गंभीर, योजनाबद्ध और दूरदर्शी सोच के साथ आगे बढ़ रही है। उनके अनुसार राज्य सरकार से फाउंडेशन को हर स्तर पर सहयोग मिला है और कामकाज के दौरान प्रशासन का रवैया सकारात्मक और सहयोगी रहा है, जिससे परियोजनाओं को गति मिली है।

उन्होंने जानकारी दी कि अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन झारखंड में शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर निवेश कर रहा है। इसमें एक मेडिकल कॉलेज, आधुनिक अस्पताल और एक विश्वविद्यालय की स्थापना शामिल है, जिसे वे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक निवेश मानते हैं।

प्रेमजी ने देश और विदेश के निवेशकों से भी अपील की कि वे झारखंड को निवेश के एक उभरते गंतव्य के रूप में देखें। उनका कहना था कि राज्य में संसाधन, संभावनाएं और प्रशासनिक सहयोग—तीनों मौजूद हैं, जो इसे भविष्य के लिए आकर्षक बनाते हैं।

गौरतलब है कि फाउंडेशन द्वारा रांची के इटकी क्षेत्र में एक विश्वविद्यालय, करीब 1300 बेड वाला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और एक स्कूल विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना झारखंड में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में अब तक की सबसे बड़ी पहलों में से एक मानी जा रही है, जिससे राज्य के सामाजिक बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।