अमेरिका बोला- ईरान पर आज की रात भारी पड़ेगी, मिसाइल लॉन्चर-फैक्ट्रियां तबाह करेंगे

अमेरिका और इजरायल का ईरान पर संयुक्त हमला जारी है. ईरान भी लगातार जवाबी हमले कर रहा है. इस बीच अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई को और तेज करने का फैसला किया है

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 07, 2026, 11:10:00 AM

अमेरिका और इजरायल का ईरान पर संयुक्त हमला जारी है. ईरान भी लगातार जवाबी हमले कर रहा है. इस बीच अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई को और तेज करने का फैसला किया है. अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने आज रात ईरान में अब तक के सबसे बड़े हमले की चेतावनी दी है.

फॉक्स बिजनेस के 'कुडलो' शो में बात करते हुए बेसेंट ने कहा, 'जैसा कि सचिव हेगसेथ, जनरल केन और राष्ट्रपति सभी ने आज रात कहा है, आज रात हमारा अब तक का सबसे बड़ा बमबारी अभियान होगा और हम ईरानी मिसाइल लॉन्चरों, मिसाइलों को बनाने वाली फैक्ट्रियों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाएंगे.'

बेसेंट ने आगे बताया कि अमेरिकी सेना ईरान की क्षमताओं को काफी हद तक कम कर रही है. उनके मुताबिक, ईरान दो मोर्चों पर लड़ रहा है और वहां अमेरिका का अभियान बेहद प्रभावी साबित हुआ है. बेसेंट ने ईरान को लेकर कहा, 'हम उन्हें काफी हद तक कमजोर कर रहे हैं और आप जानते हैं, वहां हमारा अभियान जबरदस्त रहा है.'

ईरान के साथ बढ़ते युद्ध के बीच वैश्विक तेल बाजार को संतुलित करने के लिए अमेरिका ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है. वॉशिंगटन ने हाल ही में भारत को समुद्र में फंसे रूसी कच्चे तेल को खरीदने के लिए 30 दिनों की छूट दी है. अब ट्रेजरी सचिव ने संकेत दिया है कि वो और ज्यादा रूसी तेल से प्रतिबंध हटा सकते हैं.