झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन तथा प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों के साथ बुधवार देर रात दावोस से लंदन पहुंचे। लंदन आगमन पर वहां रह रहे झारखंडी स्कॉलर्स और प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी का अभिनंदन पारंपरिक झारखंडी गीत-संगीत के साथ किया गया, जिसने पूरे माहौल को भावनात्मक बना दिया। स्वागत समारोह में मौजूद लोगों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत करते हुए अपने मुख्यमंत्री के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि लंदन में मिला यह आत्मीय स्वागत उन्हें गहराई से छू गया है। उन्होंने कहा कि प्रवासी झारखंडियों को विदेश में राज्य का नाम रोशन करते देख वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं और इस स्नेहपूर्ण सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हैं।
महिला एवं बाल विकास समिति, झारखंड विधानसभा की अध्यक्ष और विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी अपने विचार साझा करते हुए बताया कि वे प्रतिनिधिमंडल के साथ देर रात लंदन पहुंचीं। उन्होंने झारखंडी स्कॉलर्स और प्रवासी समुदाय के सदस्यों द्वारा दिए गए स्वागत के लिए धन्यवाद देते हुए सभी को “झारखंडी जोहार” कहा।
अपने राज्य के मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर प्रवासी झारखंडी भावुक नजर आए। पारंपरिक गीत-संगीत के जरिए किया गया यह स्वागत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और कल्पना मुर्मू सोरेन के प्रति उनके गहरे लगाव और सम्मान को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।