होली-दिवाली पर दिल्लीवासियों को बड़ी सौगात, मुफ्त गैस सिलेंडर योजना को कैबिनेट की मंजूरी

होली-दिवाली पर दिल्लीवासियों को बड़ी सौगात, मुफ्त गैस सिलेंडर योजना को कैबिनेट की मंजूरी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 04, 2026, 1:41:00 PM

दिल्ली सरकार ने महंगाई से जूझ रहे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से मुफ्त गैस सिलेंडर योजना को हरी झंडी दे दी है। इस फैसले के बाद राजधानी में लाखों राशन कार्ड धारक परिवारों को होली और दिवाली के अवसर पर बिना अतिरिक्त खर्च के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस निर्णय को दिल्ली के परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनकल्याण है और यह योजना उसी सोच को धरातल पर उतारने की दिशा में एक मजबूत प्रयास है। मुख्यमंत्री के अनुसार, बढ़ती महंगाई के बीच यह फैसला आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई दिल्ली कैबिनेट की बैठक में इस योजना के लिए 242 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी गई। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह राशि राजधानी के राशन कार्ड धारक परिवारों के लाभ के लिए खर्च की जाएगी और योजना का लाभ इसी होली से मिलना शुरू हो जाएगा।

डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी राशि

योजना को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सरकार ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पात्र राशन कार्ड धारकों के बैंक खातों में 853 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे, जिससे वे गैस सिलेंडर खरीद सकेंगे।

सरकार का कहना है कि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों तक सहायता राशि सीधे पहुंचेगी और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाएगी।