विदेश में भी महकने वाला भागलपुर का 'कतरनी' आज क्यों 200 एकड़ में सिमट कर रह गया धान ?

भागलपुर सिर्फ जर्दालू आम और सिल्क के लिए ही दुनिया भर में मशहूर नहीं है, बल्कि यह अपनी माटी की सौंधी खुशबू वाले कतरनी धान के लिए भी एक अलग पहचान रखता है।

भागलपुर : भागलपुर सिर्फ जर्दालू आम और सिल्क के लिए ही दुनिया भर में मशहूर नहीं है, बल्कि यह अपनी माटी की सौंधी खुशबू वाले कतरनी धान के लिए भी एक अलग पहचान रखता है। इसकी भीनी-भीनी महक और लाजवाब स्वाद केवल देश के भीतर ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार विदेश तक अपनी छाप छोड़ चुके हैं। लेकिन विडंबना यह है कि कभी जिस कतरनी धान की खेती करीब 700 हेक्टेयर के विशाल रकबे में लहलहाया करती थी, वह अब सिमटकर महज 200 एकड़ तक ही सीमित रह गई है।

इस पारंपरिक धान की खेती के इस तरह सिकुड़ जाने के पीछे कई गंभीर और व्यावहारिक कारण छिपे हैं

इस पारंपरिक धान की खेती के इस तरह सिकुड़ जाने के पीछे कई गंभीर और व्यावहारिक कारण छिपे हैं। स्थानीय किसानों के अनुसार, उनके बुजुर्गों के समय में कतरनी की बंपर पैदावार होती थी, लेकिन वक्त के साथ बदलती परिस्थितियों ने किसानों का मोह इस फसल से भंग कर दिया। इस धान को तैयार होने में अधिक समय लगता है और इसमें अत्यधिक पानी की जरूरत पड़ती है, जिसके चलते किसान साल भर में केवल एक ही फसल ले पाते हैं। इसके विपरीत, दूसरे धान की कम अवधि वाली किस्में उगाने पर वे साल में दो फसलें आसानी से ले लेते हैं, जिससे उनकी आमदनी बेहतर हो जाती है।

मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं, कतरनी धान की उपज प्रति बीघा 7 से 8 क्विंटल के आसपास होती है

मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं, कतरनी धान की उपज प्रति बीघा सात से आठ क्विंटल के आसपास होती है, जबकि अन्य किस्में 10 से 12 क्विंटल तक पैदावार देती हैं। ऊपर से बिचौलिए और व्यापारी किसानों से कम दामों में कतरनी खरीदकर बाजार में ऊंचे दामों पर बेच देते हैं, जिससे मेहनत करने वाले अन्नदाता को लागत के मुकाबले मुनाफा बेहद कम मिलता है। कम कीमत और कम पैदावार के दोहरी मार ने किसानों को मजबूर कर दिया है कि वे कतरनी की बजाय अधिक मुनाफा देने वाली दूसरी फसलों की ओर रुख करें।

भागलपुर की इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को बचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर क्षेत्र विस्तार और किसानों को उचित दाम दिलाने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे

भागलपुर की इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को बचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर क्षेत्र विस्तार और किसानों को उचित दाम दिलाने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, जिनसे किसानों में एक नई उम्मीद जागी थी। हालांकि, ज़मीनी हकीकत यह है कि ये तमाम योजनाएं और वादे केवल कागजों की फाइलों तक ही सिमट कर रह गए। नतीजतन, प्रशासनिक उदासीनता और उपेक्षा के चलते देश-विदेश में महकने वाला कतरनी धान धीरे-धीरे इतिहास के पन्नों में खोता जा रहा है और किसान इसे छोड़ने को विवश हैं।

भागलपुर से शिवम कुमार की रिपोर्ट