पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में अंतरराज्यीय परिवहन को और मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में राज्य के 13 जिलों से देश की राजधानी दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू हो गई है। ये बसें बिहार के 18 मार्गों से होते हुए दिल्ली पहुंचेंगी। इसके लिए शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह, बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बिहार-दिल्ली अंतरराज्यीय बस सेवा को संयुक्त रुप से हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम नई दिल्ली के महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डा (ISBT), कश्मीरी गेट पर आयोजित हुआ। इसके पूर्व दोनों राज्यों के परिवहन सचिव (बिहार परिवहन सचिव राज कामार एवं दिल्ली परिवहन सचिव निहारिका राय) ने बस परिचालन के लिए एमओयू साइन किया।
अंतरराज्यीय मार्गों पर परिचालन के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं - BSRTC
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के अनुसार, अंतरराज्यीय मार्गों पर परिचालन के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं। इनमें 75 नॉन-एसी एवं 74 एसी बसें हैं। इसके अतिरिक्त पीपीपी मोड में भी 150 बसें चलेंगी। इसके लिए प्रदेश में कुल 18 मार्गों का चयन किया गया है। पटना से सबसे अधिक 4 मार्ग, मुजफ्फरपुर और गयाजी से दो-दो मार्ग, जबकि अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से एक-एक मार्ग दिल्ली के लिए चिन्हित किए गए हैं। हर मार्ग पर दिल्ली और बिहार दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित है।
यात्रियों को पर्व-त्योहार को नहीं करना होगा इंतजार - मंत्री दामोदर रावत
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि पहले यह सेवा केवल पर्व-त्योहारों तक ही सीमित रहती थी। वर्ष 2025 में पर्व-त्योहारों के दौरान ट्रेनों और दूसरे परिवहन साधनों में भारी भीड़ को देखते हुए बिहार सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए 210 निगम एवं पीपीपी बसें चलाई थीं। इसी क्रम में वर्ष 2026 में दीपावली और छठ पर्व पर बिहार से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न मार्गों पर कुल 155 बसें चलाई गईं। यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया और बढ़ती माँग के बाद यह ज़रूरी समझा गया कि ये सेवाएं पूरे वर्ष चलें। इसी उद्देश्य से बिहार सरकार संबंधित राज्यों के साथ पारस्परिक परिवहन समझौते कर रही है।
इससे पूर्व बिहार-हरियाणा के बीच जुलाई में 12 मार्गों पर नियमित बस संचालन के लिए MoU हुआ है
उन्होंने आगे बताया कि इससे पूर्व बिहार-हरियाणा के बीच जुलाई में 12 मार्गों पर नियमित बस संचालन के लिए एमओयू हुआ है। इसके तहत 36 बसों का परमिट निगम को प्राप्त हो चुका है। इन मार्गों में अधिकांश बसें दिल्ली होकर हरियाणा के विभिन्न गंतव्यों तक जाएंगी। इससे बिहार-हरियाणा के साथ-साथ बिहार-दिल्ली के यात्रियों को भी परिवहन सुविधा का लाभ प्राप्त होगा।
प्रमुख मार्ग और किराया
बसों में 4 श्रेणियों में किराया निर्धारित किया गया है - नॉन एसी सीटर, नॉन एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर।
1. पटना-दिल्ली (1198 किमी) - नॉन एसी सीटर 1615 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 1715 रुपए, एसी सीटर 1980 रुपए व एसी स्लीपर 2919 रुपए।
2. मुजफ्फरपुर-दिल्ली (1071 किमी) - नॉन एसी सीटर 1470 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 1570 रुपए, एसी सीटर 1804 रुपए व एसी स्लीपर 2717 रुपए।
3. गयाजी-दिल्ली (1106 किमी) - नॉन एसी सीटर 1555 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 1655 रुपए, एसी सीटर 1907 रुपए व एसी स्लीपर 2784 रुपए।
4. दरभंगा-दिल्ली (1137 किमी) - नॉन एसी सीटर 1592 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 1692 रुपए, एसी सीटर 1853 रुपए व एसी स्लीपर 2866 रुपए।
5. पूर्णिया-दिल्ली (1367 किमी) - नॉन एसी सीटर 2018 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 2118 रुपए, एसी सीटर 2470 रुपए व एसी स्लीपर 3383 रुपए।
6. भागलपुर-दिल्ली (1420 किमी) - नॉन एसी सीटर 1917 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 2017 रुपए, एसी सीटर 2347 रुपए व एसी स्लीपर 3256 रुपए।
7. अररिया-दिल्ली (1319 किमी) - नॉन एसी सीटर 1929 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 2029 रुपए, एसी सीटर 2362 रुपए व एसी स्लीपर 3275 रुपए।
8. किशनगंज-दिल्ली (1427 किमी) - नॉन एसी सीटर 2011 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 2111 रुपए, एसी सीटर 2463 रुपए व एसी स्लीपर 3375 रुपए।
9. मोतिहारी-दिल्ली (1071 किमी) - नॉन एसी सीटर 1429 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 1529 रुपए, एसी सीटर 1755 रुपए व एसी स्लीपर 2694 रुपए।
10. सीतामढ़ी-दिल्ली (1130 किमी) - नॉन एसी सीटर 1579 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 1679 रुपए, एसी सीटर 1937 रुपए व एसी स्लीपर 2850 रुपए।
11. शिवहर-दिल्ली (1118 किमी) - नॉन एसी सीटर 1559 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 1659 रुपए, एसी सीटर 1913 रुपए व एसी स्लीपर 2821 रुपए।
12. सीवान-दिल्ली (962 किमी) - नॉन एसी सीटर 1276 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 1376 रुपए, एसी सीटर 1568 रुपए व एसी स्लीपर 2467 रुपए।
13. सुपौल-दिल्ली (1285 किमी) - नॉन एसी सीटर 1774 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 1874 रुपए, एसी सीटर 2175 रुपए व एसी स्लीपर 3114 रुपए।
14. लौकहा-दिल्ली (1322 किमी) - नॉन एसी सीटर 1844 रुपए, नॉन एसी स्लीपर 1944 रुपए, एसी सीटर 2257 रुपए व एसी स्लीपर 3176 रुपए।
यात्री टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर भी जानकारी ले सकते हैं
अन्य मार्गों के किराए की जानकारी, बसों की समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के पोर्टल www.bsrtc.bihar.gov.in पर उपलब्ध होगी। यात्री टोल फ्री नंबर-1800-345-7251 पर भी जानकारी ले सकते हैं। आयोजित कार्यक्रम में बीएसआरटीसी के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, दिल्ली के चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल, मुख्य सचिव राजीव वर्मा और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।