पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का आज तीसरा दिन है। आज व्रती डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय इस महापर्व का समापन होगा। इसको लेकर राजधानी पटना को आकर्षक रूप से सजाया गया है। रविवार को शहर में विशेष रूप से साफ-सफाई की गई और घाटों को धोया गया। पटना नगर निगम के कर्मचारियों ने रविवार को गांधी घाट की सफाई की। आसपास के क्षेत्र में गलियों और सड़कों को साफ किया गया। घाटों के किनारे पक्की सीढ़ियों को पानी से धोया गया है तो वहीं, कच्चे स्थानों पर झाड़ू से सफाई की गई है।
'पटना नगर निगम की ओर से घाटों की साफ-सफाई की जा रही है'
एक कर्मचारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि पटना नगर निगम की ओर से घाटों की साफ-सफाई की जा रही है। निगम के कर्मचारी रात-दिन कार्य में जुटे हुए हैं। रविवार सुबह घाटों को धोया गया है और दोपहर 12 बजे तक घाट की पूरी तरह साफ-सफाई हो जाएगी। पटना के खाजेकलां घाट को भी आकर्षक रूप से सजाया गया है। यहां स्वच्छता, रोशनी और सौंदर्यीकरण के साथ घाट का उत्सवी माहौल नजर आ रहा है।
छठ पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक है, लोग पर्व को लेकर फलों की खरीदारी कर रहे हैं
उधर, छठ पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक है। लोग पर्व को लेकर फलों की खरीदारी कर रहे हैं। चूंकि पर्व में प्रकृति की पूजा होती है, इसलिए प्रकृति से जुडी चीजें ही छठी मैया को चढ़ाई जाती हैं। फल ऐसे चढ़ाए जाते हैं जो बिल्कुल ताजे हों और खराब न हों। फिलहाल, फलों की खरीददार के लिए ग्राहक बाजार पहुंच रहे हैं। दुकानदार भी फल बाजार की रौनक से काफी खुश हैं। बता दें कि चार दिनों तक चलने वाला छठ पर्व 13 नवंबर को पहले दिन के 'नहाय-खाय' अनुष्ठान के साथ शुरू हुआ। दूसरे दिन 'खरना' मनाया गया और इस दौरान भी पूजा-पाठ जारी रही। आज तीसरे दिन शाम श्रद्धालु डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगे।
सोर्स-आईएएनएस