चाईबासा में सड़क निर्माण साइट पर फायरिंग के बाद आगजनी, राहुल सिंह गैंग के नाम से दावा

चाईबासा में सड़क निर्माण साइट पर फायरिंग के बाद आगजनी, राहुल सिंह गैंग के नाम से दावा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 10, 2026, 6:03:00 PM

चाईबासा जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोबोकेरा गांव में सड़क निर्माण कार्य कर रही वैष्णवी कंपनी के निर्माण स्थल पर बीती रात अराजकता फैलाने की बड़ी घटना सामने आई है। देर रात अज्ञात अपराधियों ने साइट पर पहुंचकर पहले गोलीबारी की और फिर मशीनों व निर्माण सामग्री में आग लगा दी। इस वारदात के बाद इलाके में भय का माहौल है और निर्माण कार्य पूरी तरह से बाधित हो गया है।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, रात के समय कुछ हथियारबंद लोग निर्माण स्थल पर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर वहां मौजूद मजदूर और अन्य कर्मचारी जान बचाकर मौके से भाग निकले। इसके बाद हमलावरों ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही मशीनों और सामग्री को नुकसान पहुंचाते हुए आग के हवाले कर दिया।

आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें दूर से भी नजर आ रही थीं।

घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। बाद में दमकल विभाग की सहायता से आग पर काबू पाया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि कंपनी को भारी आर्थिक क्षति पहुंचने की बात कही जा रही है।

आजाद सरकार के नाम से पोस्ट, राहुल सिंह गैंग ने जताई जिम्मेदारी

इस वारदात को लेकर कुख्यात राहुल सिंह गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। बताया गया है कि गैंग के आजाद सरकार के नाम से एक प्रेस रिलीज जारी की गई है, जिसे आदार सरकार नामक फेसबुक अकाउंट से पोस्ट किया गया।

इस पोस्ट में कंपनी से जुड़े व्यक्ति को धमकी देते हुए कहा गया है कि यह घटना केवल चेतावनी है। साथ ही यह भी लिखा गया है कि यदि उनकी बात नहीं मानी गई, तो अगली बार सीधे व्यक्ति को निशाना बनाया जाएगा। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल से कुछ अहम सुराग जुटाए गए हैं और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनियों को सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।