राष्ट्रीय मंच पर झारखंड की आवाज बनेंगे युवा, राज्यपाल संतोष गंगवार ने बढ़ाया उत्साह

राष्ट्रीय मंच पर झारखंड की आवाज बनेंगे युवा, राज्यपाल संतोष गंगवार ने बढ़ाया उत्साह

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 07, 2026, 5:21:00 PM

रांची स्थित लोक भवन में बुधवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ‘राष्ट्रीय युवा उत्सव–2026’ के लिए झारखंड से चुने गए प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चयनित युवा केवल अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे, बल्कि झारखंड की प्रतिभा, सांस्कृतिक विरासत और आत्मविश्वास को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। कई चरणों की चयन प्रक्रिया पार कर यहां तक पहुंचना उनके सतत परिश्रम, अनुशासन और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। राज्यपाल ने प्रतिभागियों के साथ-साथ उनके प्रशिक्षकों और मार्गदर्शकों की भूमिका की भी सराहना की।

उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय युवा उत्सव सिर्फ प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं है, बल्कि यह विचारों के आदान-प्रदान, संवाद और संस्कारों का राष्ट्रीय संगम है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से आए युवा एक-दूसरे से सीखते हैं और भारत की विविधता को करीब से अनुभव करते हैं, जो ‘विविधता में एकता’ की भावना को जीवंत करता है। स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध विचार, “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यही इस उत्सव की मूल भावना है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य युवाओं की सकारात्मक सोच, दृढ़ संकल्प और कर्मशीलता से ही साकार होगा।

राज्यपाल ने प्रतिभागियों को यह भी याद दिलाया कि वे राष्ट्रीय मंच पर झारखंड के युवा एंबेसडर होंगे। उनका व्यवहार, भाषा और आचरण राज्य की छवि को दर्शाएगा, इसलिए आत्मविश्वास के साथ विनम्रता और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतिभागी इस आयोजन से केवल पुरस्कार ही नहीं, बल्कि मूल्यवान अनुभव, नई मित्रता और प्रेरणा लेकर लौटेंगे। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड को गौरवान्वित करेंगे। अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयी होकर लौटने पर लोक भवन में उनका पुनः स्वागत किया जाएगा।

कार्यक्रम में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने चयनित युवाओं की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुति के दौरान समय प्रबंधन, स्लाइड्स की गुणवत्ता और कंटेंट की स्पष्टता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।