पलामू के अमन को क्या हो गया? 24 घंटे में चार वारदात

पलामू के अमन को क्या हो गया? 24 घंटे में चार वारदात

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Oct 06, 2025, 11:40:00 AM

बीते 24 घंटे में लगातार हुई हिंसक घटनाओं और रहस्यमयी मौतों से पलामू जिला सहम गया है। पांकी, चैनपुर और पाटन थाना क्षेत्रों से सामने आए इन मामलों ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। गांवों में मातम और भय का माहौल है।

पहली घटना : पांकी में पिता ने बेटे का गला रेतकर उतारा मौत के घाट
पांकी थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जहां मानसिक रूप से अस्वस्थ पिता ने अपने ही पुत्र सूरज ठाकुर की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। आरोपी अमित ठाकुर घटना के बाद फरार हो गया। बताया जाता है कि पत्नी के अलग रहने के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। पिता-पुत्र मिलकर बाजार में सैलून चलाते थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

दूसरी घटना : चैनपुर में बुजुर्ग की हत्या, बेटा-बहू हिरासत में
चैनपुर थाना क्षेत्र के कुदागा कला गांव में 65 वर्षीय निजामुद्दीन अंसारी का शव घर के पीछे बने बंद शौचालय से बरामद किया गया। मृतक का गला धारदार हथियार से काटा गया था। पुलिस ने मृतक के बड़े बेटे अनीश अंसारी और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में पारिवारिक और जमीन विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। मृतक का पोता भी शक के घेरे में है।

तीसरी घटना : चैनपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत
इसी थाना क्षेत्र के करसो गांव में 21 वर्षीय नवविवाहिता पुनीता देवी का शव फंदे से लटकता मिला। शादी को महज 13 महीने ही हुए थे। मायके वालों ने पति राकेश कुमार और ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी में चार लाख रुपये नकद और बाइक देने के बावजूद अतिरिक्त पैसे की मांग की जा रही थी।

चौथी घटना : पाटन में महिला की रहस्यमय मौत
पाटन थाना क्षेत्र के बरसैता गांव में प्रीति देवी (25) की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। मायके पक्ष का आरोप है कि पति सुनील पासवान ने तकिए से मुंह दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति की दूसरी शादी और पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। मृतका दो बच्चियों की मां थी।

लगातार हुई इन घटनाओं ने पूरे पलामू को दहला दिया है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में गहरी दहशत का माहौल है।