आय से अधिक संपत्ति मामले में विनय सिंह से ACB कर रही दोबारा पूछताछ, संदिग्ध जवाबों ने बढ़ाई जांच की रफ्तार

आय से अधिक संपत्ति मामले में विनय सिंह से ACB कर रही दोबारा पूछताछ, संदिग्ध जवाबों ने बढ़ाई जांच की रफ्तार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 17, 2026, 12:25:00 PM

आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने अपनी जांच तेज कर दी है। इस केस में जेल में बंद निलंबित IAS अधिकारी विनय चौबे, उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, कारोबारी विनय सिंह, उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह के साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्यों को भी आरोपी बनाया गया है। एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की गहराई से पड़ताल कर रही है।

सोमवार को हुई पूछताछ के दौरान विनय सिंह के जवाबों से संतुष्ट नहीं होने के बाद ACB ने उन्हें फिर से तलब किया है। सूत्रों के अनुसार, उनके जवाब स्पष्ट नहीं थे और कई सवालों पर उन्होंने सीधे जवाब देने से बचने की कोशिश की, जिससे जांच एजेंसी को संदेह और गहरा हो गया।

इसी को देखते हुए मंगलवार को दोबारा पूछताछ के लिए ACB ने करीब 15 से 20 अहम सवालों की सूची तैयार की है। इन सवालों के जरिए एजेंसी संपत्ति के स्रोत, निवेश के तरीके और कथित बेनामी संपत्तियों के बारे में स्पष्ट जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

जांच के दौरान अब तक कई ऐसी संपत्तियों का पता चला है, जिनकी कीमत काफी अधिक बताई जा रही है और जिनके स्वामित्व को लेकर संदेह है। ACB को शक है कि इन संपत्तियों को छिपाने के लिए विभिन्न नामों और तरीकों का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों की भूमिका की विस्तार से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।