वीडियो कॉल पर पति से हुआ विवाद, कुछ ही देर बाद फंदे से लटकी मिली महिला

वीडियो कॉल पर पति से हुआ विवाद, कुछ ही देर बाद फंदे से लटकी मिली महिला

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 17, 2026, 1:13:00 PM

राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। काली मंदिर रोड के समीप स्थित एक मकान में कार्यरत घरेलू सहायिका ने शुक्रवार सुबह फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। मृतका की पहचान धुर्वा के जगन्नाथपुर निवासी सुमन के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद उसके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, सुमन पिछले लगभग दो वर्षों से उसी घर में घरेलू कामकाज कर रही थी। करीब पांच महीने पहले उसका विवाह हुआ था, जबकि उसका पति रोजगार के सिलसिले में बेंगलुरु में रहता है। पुलिस को मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। मोबाइल फोन में मिले चैट संदेशों से संकेत मिले हैं कि बातचीत के दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। फिलहाल पुलिस इसी पहलू को भी जांच का हिस्सा बनाकर सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

घर के लोगों ने पुलिस को बताया कि सुबह सुमन के पति का फोन आया था। उसने आशंका जताई कि सुमन कोई गंभीर कदम उठा सकती है और तुरंत उसके कमरे में जाकर देखने के लिए कहा। इसके बाद जब घर के सदस्य कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर सुमन पंखे से लटकी हुई मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसमें मौजूद डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।