राजधानी रांची में नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान एक पुलिसकर्मी सड़क हादसे का शिकार हो गया। यह घटना पार्क प्राइम होटल के समीप हुई, जहां लालपुर थाना की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक कार ने ड्यूटी पर मौजूद थाना के चालक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस चालक घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से निकलने का प्रयास किया, जिससे ड्यूटी पर तैनात चालक को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद संबंधित वाहन और चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह लापरवाही का मामला था या जानबूझकर पुलिसकर्मी को टक्कर मारने की कोशिश की गई।