उषा मार्टिन विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, प्रो. रजनी कांत ने संभाली कमान

उषा मार्टिन विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, प्रो. रजनी कांत ने संभाली कमान

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 17, 2026, 5:21:00 PM

रांची स्थित उषा मार्टिन विश्वविद्यालय ने वरिष्ठ वैज्ञानिक और शिक्षाविद् प्रो. रजनी कांत को अपना नया कुलपति नियुक्त किया है। शुक्रवार को उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि उनके लंबे शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव से संस्थान की अकादमिक एवं शोध गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

उच्च शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में चार दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले प्रो. रजनी कांत इससे पहले भोपाल के रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में कुलपति के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा वे जम्मू विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग में वरिष्ठ प्रोफेसर भी रहे हैं। उनके खाते में 37 वर्षों से अधिक का अध्यापन, 42 वर्षों से अधिक का शोध कार्य और लगभग 30 वर्षों का विश्वविद्यालय प्रशासन का अनुभव दर्ज है।

संघनित पदार्थ भौतिकी (Condensed Matter Physics) तथा एक्स-रे क्रिस्टलोग्राफी (X-ray Crystallography) उनके प्रमुख विशेषज्ञता वाले विषय रहे हैं। उन्होंने जम्मू विश्वविद्यालय से भौतिकी में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की और बाद में डीएसटी-BOYSCAST फेलोशिप के तहत ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में पोस्ट-डॉक्टोरल शोध किया।

प्रो. रजनी कांत को लंदन स्थित प्रतिष्ठित रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री (Royal Society of Chemistry) का फेलो (FRSC) चुना जा चुका है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे जम्मू-कश्मीर के पहले शिक्षाविद् माने जाते हैं।

शोध और अकादमिक मार्गदर्शन के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने 32 पीएचडी और 51 एम.फिल. शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया है। उनके 500 से अधिक शोधपत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं, जबकि 18 राष्ट्रीय शोध परियोजनाओं का सफल नेतृत्व भी उन्होंने किया है। शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें आठ राष्ट्रीय और चार अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं।

देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों में भी उनकी सक्रिय शैक्षणिक भागीदारी रही है। ऑक्सफोर्ड और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के अलावा भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), आईआईटी मद्रास तथा भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) जैसे संस्थानों में उन्होंने शोध और अकादमिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन में भी उनका अनुभव बेहद व्यापक रहा है। जम्मू विश्वविद्यालय में उन्होंने डीन (रिसर्च स्टडीज़), डीन (फैकल्टी ऑफ साइंस), डीन (कॉलेजेज), परीक्षा नियंत्रक, दूरस्थ शिक्षा निदेशक, यूजीसी अकादमिक स्टाफ कॉलेज के निदेशक और भौतिकी एवं भूविज्ञान विभागों के अध्यक्ष जैसे कई अहम पदों का दायित्व संभाला है।

उषा मार्टिन विश्वविद्यालय परिवार ने नए कुलपति का स्वागत करते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में संस्थान शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छुएगा। विश्वविद्यालय को उम्मीद है कि प्रो. रजनी कांत के अनुभव और दूरदर्शी नेतृत्व से शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध संस्कृति और संस्थागत विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी।