बापू वाटिका में राष्ट्रपिता को दी गयी श्रद्धांजलि; मुख्यमंत्री, राज्यपाल और मंत्री ने बापू को किया नमन

बापू वाटिका में राष्ट्रपिता को दी गयी श्रद्धांजलि; मुख्यमंत्री, राज्यपाल और मंत्री ने बापू को किया नमन

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 30, 2026, 12:39:00 PM

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर रांची स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के साथ राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी भाग लिया और राष्ट्रपिता को नमन किया।

इस मौके पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महात्मा गांधी के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा और सेवा जैसे सिद्धांत किसी एक दौर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यही हमारे लोकतांत्रिक ढांचे की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि बापू के विचार आज भी समाज में भाईचारे, न्याय और समान भागीदारी पर आधारित राष्ट्र के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

मंत्री ने ग्रामीण विकास और पंचायती राज की अवधारणा को महात्मा गांधी के स्वराज और ग्राम स्वराज के सपनों से जुड़ा हुआ बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इन विचारों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने दोहराया कि शासन और समाज दोनों स्तरों पर गांधीवादी सोच को अपनाने का संकल्प आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अन्य सहभागियों ने भी महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता जताई।