खत्म हुआ इंतजार! रांची को मिली नई शहरी सरकार; रोशनी खलखो मेयर, नीरज कुमार चुने गये डिप्टी मेयर

खत्म हुआ इंतजार! रांची को मिली नई शहरी सरकार; रोशनी खलखो मेयर, नीरज कुमार चुने गये डिप्टी मेयर

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 19, 2026, 4:41:00 PM

करीब तीन वर्षों के इंतजार के बाद झारखंड की राजधानी रांची में नई नगर सरकार का गठन हो गया है। गुरुवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मेयर रोशनी खलखो सहित 53 नव-निर्वाचित वार्ड पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। यह समारोह प्रशासनिक गरिमा के बीच संपन्न हुआ, जहां उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई।

इसी क्रम में वार्ड संख्या 31 के पार्षद नीरज कुमार को नगर निगम का उप महापौर चुना गया। उन्हें कुल 38 पार्षदों का समर्थन प्राप्त हुआ, जिससे उनका चयन सुनिश्चित हुआ। नई टीम के गठन के साथ ही शहर के प्रशासनिक ढांचे में नई ऊर्जा और दिशा की उम्मीद जताई जा रही है।

हालांकि, नई नगर सरकार के सामने कई गंभीर चुनौतियां भी खड़ी हैं। सबसे बड़ी चिंता निगम की कमजोर वित्तीय स्थिति को लेकर है। चालू वित्तीय वर्ष के लिए 2610 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, लेकिन अब तक केवल 115 करोड़ रुपये की ही आय हो सकी है। इस असंतुलन के कारण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधाएं आ सकती हैं।

ऐसी परिस्थिति में नगर निगम को केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदान पर काफी हद तक निर्भर रहना पड़ेगा। यदि समय पर वित्तीय सहायता नहीं मिली, तो प्रस्तावित योजनाओं को धरातल पर उतारना कठिन हो सकता है। अब देखना होगा कि नई नगर सरकार सीमित संसाधनों के बीच शहरवासियों की अपेक्षाओं को किस हद तक पूरा कर पाती है।