बारिश की वापसी से झारखंड में फिर बढ़ी ठंड, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक गिरा

बारिश की वापसी से झारखंड में फिर बढ़ी ठंड, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक गिरा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 29, 2026, 11:33:00 AM

झारखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है और ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। रांची में पारा लुढ़ककर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बीते कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी के कारण ठंड से राहत महसूस की जा रही थी, लेकिन उत्तर भारत और दिल्ली क्षेत्र में हो रही बारिश का असर अब झारखंड तक साफ नजर आने लगा है।

चार जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने गुरुवार को गढ़वा, चतरा, पलामू और लातेहार जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इन इलाकों में करीब 25 प्रतिशत तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। दिन भर बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बारिश के चलते इन जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे ठंड का असर और तेज होगा।

मध्य झारखंड में भी बढ़ेगी ठिठुरन

मध्य झारखंड के जिले (रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और खूंटी) भी मौसम के बदले मिजाज से अछूते नहीं रहेंगे। इन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना तो कम है, लेकिन बादलों की मौजूदगी और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी। हाल ही में जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं अब इसके 9 से 11 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

30 जनवरी तक ठंड से राहत नहीं

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पलामू और लातेहार जैसे जिलों में 30 जनवरी तक हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं, मध्य झारखंड में खासकर शाम और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी। अगले 48 घंटों के दौरान मौसम में किसी बड़े सुधार की संभावना नहीं है। हालांकि 30 जनवरी के बाद धीरे-धीरे मौसम सामान्य होने की उम्मीद है और न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे पारा 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।