अब 46 घंटे में पूरी होगी दक्षिण भारत की लंबी यात्रा, धनबाद-पोत्तनूर अमृत भारत एक्सप्रेस का नया टाइमटेबल जारी

अब 46 घंटे में पूरी होगी दक्षिण भारत की लंबी यात्रा, धनबाद-पोत्तनूर अमृत भारत एक्सप्रेस का नया टाइमटेबल जारी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 13, 2026, 10:28:00 AM

भारतीय रेलवे ने दक्षिण भारत को जोड़ने वाली नई धनबाद-पोत्तनूर अमृत भारत एक्सप्रेस का विस्तृत समय-सारणी जारी कर दी है। इस ट्रेन के जरिए झारखंड से तमिलनाडु तक लंबी दूरी की यात्रा संभव होगी। रेलवे के अनुसार पोत्तनूर से धनबाद पहुंचने में ट्रेन को लगभग 45 घंटे 45 मिनट का समय लगेगा, जबकि धनबाद से पोत्तनूर की यात्रा लगभग 45 घंटे 20 मिनट में पूरी होगी।

कतरास और धनबाद के बीच समय में बड़ा अंतर

ट्रेन अपने शुरुआती पड़ाव कतरास तक धनबाद से मात्र 25 मिनट में पहुंच जाएगी। हालांकि वापसी के दौरान कतरास से धनबाद आने में काफी अधिक समय लगेगा। निर्धारित समय के मुताबिक ट्रेन रात करीब 2:30 बजे कतरास से रवाना होगी और लगभग डेढ़ घंटे बाद सुबह 4:00 बजे धनबाद पहुंचेगी।

अन्य ट्रेनों के मुकाबले धीमी रफ्तार

धनबाद–चंद्रपुरा रेलखंड पर चलने वाली कई ट्रेनों की तुलना में अमृत भारत एक्सप्रेस की गति अपेक्षाकृत कम बताई जा रही है। इस रूट पर चलने वाली रांची-गोड्डा एक्सप्रेस लगभग 31 मिनट में कतरास से धनबाद पहुंचती है, जबकि वनांचल एक्सप्रेस को 45 मिनट और रांची-धनबाद इंटरसिटी को करीब 48 मिनट लगते हैं। इसी तरह मौर्य एक्सप्रेस करीब 50 मिनट में यह दूरी तय करती है। अन्य ट्रेनों में भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस लगभग एक घंटे से अधिक समय लेती है, जबकि अलेप्पी एक्सप्रेस, अहमदाबाद-कोलकाता एक्सप्रेस और मदार-कोलकाता एक्सप्रेस को इस मार्ग पर लगभग सवा घंटे से अधिक का समय लगता है।

स्पेशल ट्रेन के लिए टिकट बुकिंग शुरू

रेलवे ने बताया कि शुक्रवार को चलने वाली धनबाद-पोत्तनूर अमृत भारत स्पेशल ट्रेन के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है। वहीं पोत्तनूर से शुरू होने वाली नियमित सेवा के लिए टिकट आरक्षण 21 मार्च से शुरू किया जाएगा।

नियमित सेवा की तैयारी और स्वागत कार्यक्रम

धनबाद से पोत्तनूर के बीच नियमित साप्ताहिक ट्रेन 23 मार्च से शुरू होने की योजना है। फिलहाल इस सेवा के लिए टिकट आरक्षण शुरू नहीं हुआ है। शुक्रवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस के आगमन पर विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी अवसर पर नियमित ट्रेन की टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी जाएगी।