झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर, कोहरा और हल्की बारिश के साथ फिर लौटेगी ठंड

झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर, कोहरा और हल्की बारिश के साथ फिर लौटेगी ठंड

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 30, 2026, 11:40:00 AM

झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने से राज्य में ठंडी हवाओं का दौर शुरू हो गया है, जिसका असर 1 फरवरी तक बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतर जिलों में सर्दी महसूस की जाएगी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।

रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। कई जिलों में पारा 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पलामू, चतरा, लातेहार और कोडरमा जैसे इलाकों में सुबह और देर रात ठंड का असर ज्यादा रहेगा।
हालांकि दिन के समय अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी महसूस होगी। शाम होते ही तापमान में गिरावट के साथ ठंड फिर से हावी हो जाएगी।

कोहरा और बूंदाबांदी से बढ़ सकती है परेशानी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है, जिससे सड़क और रेल परिवहन प्रभावित होने की आशंका है। 2 फरवरी के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन 5 और 6 फरवरी के बीच बारिश की संभावना जताई गई है। हल्की बारिश या बूंदाबांदी के कारण ठंड का असर फिर तेज हो सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब झारखंड तक पहुंच गया है। इसी वजह से ठंडी हवाएं चल रही हैं, तापमान में गिरावट आ रही है और बादलों के साथ बारिश जैसी स्थितियां बन रही हैं। दिन और रात के तापमान में बढ़ता अंतर इसी मौसमी बदलाव का नतीजा है।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाएं। साथ ही बदलते मौसम में सर्दी, खांसी और वायरल संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी एहतियात बरतने की भी सलाह दी गई है।