झारखंड में ठंड का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मकर संक्रांति के आसपास प्रदेश में शीतलहर और तेज होने के संकेत हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक 14 और 15 जनवरी को राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इसको देखते हुए रांची समेत कुल 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा और सर्द हवा लोगों को कंपकंपा रही है। अंधेरा होते ही सड़कों पर आवाजाही कम हो जा रही है। हालांकि पिछले दो दिनों में दिन के वक्त निकली तेज धूप से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली। मैक्लुस्कीगंज और कांके जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे दिन में ठंड का असर थोड़ा कम रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि 14 और 15 जनवरी को एक बार फिर पारा लुढ़कने लगेगा और शीतलहर का प्रभाव बढ़ेगा। इसके बाद 16 से 18 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना कम है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार उत्तर-पश्चिमी जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार; दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां; तथा मध्य झारखंड के रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में शीतलहर चलने की आशंका है। इन सभी क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट लागू किया गया है।
बीते 24 घंटे के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा, जबकि कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा।
सर्वाधिक अधिकतम तापमान: 28 डिग्री सेल्सियस (चाईबासा)
न्यूनतम तापमान: 2.3 डिग्री सेल्सियस (गुमला)
कांके: अधिकतम 22.5°, न्यूनतम 6.2°
रांची: अधिकतम 21.6°, न्यूनतम 7.5°
14 जनवरी: अधिकतम 21°, न्यूनतम 5°
15 जनवरी: अधिकतम 21°, न्यूनतम 6°
16 जनवरी: अधिकतम 22°, न्यूनतम 7°
17 जनवरी: अधिकतम 23°, न्यूनतम 8° सेल्सियस
कांके प्रखंड क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान शीतलहर की तीव्रता में थोड़ी कमी देखी गई। धूप निकलने से दिन में बाजारों और ग्रामीण इलाकों में चहल-पहल बढ़ी। हालांकि सुबह और देर शाम ठंड का असर बना रहा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और ठंडी हवा से बचने की सलाह दी है।