चतरा में SSB जवान ने खुद को मारी गो*ली, जांच में जुटी पुलिस

चतरा में SSB जवान ने खुद को मारी गो*ली, जांच में जुटी पुलिस

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 18, 2026, 10:27:00 AM

झारखंड के चतरा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। यह घटना सिमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिला ओपी पिकेट में मंगलवार रात करीब 10 बजे हुई।

मृतक की पहचान प्रह्लाद कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो एसएसबी की 35वीं बटालियन में कार्यरत थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपनी सरकारी राइफल का इस्तेमाल करते हुए आत्मघाती कदम उठाया। गोली चलने की आवाज सुनते ही कैंप में मौजूद अन्य जवान तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़े मिले।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल की जांच की। जवान का मूल निवास देवघर जिले के महतोडीह गांव में बताया गया है।

परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले तक उनके व्यवहार में किसी प्रकार का असामान्य बदलाव नहीं दिखा था। मृतक के छोटे भाई रोहित कुमार ने बताया कि उसी शाम उनकी प्रह्लाद से बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने क्रिकेट खेलने जाने की बात कही थी। इसके अलावा, उन्होंने सुबह अपने बच्चों से भी सामान्य तरीके से बात की थी। ऐसे में अचानक उठाए गए इस कदम ने परिवार और सहकर्मियों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं, ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।