झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र शुरू : खनिज सेस और SIR पर आर-पार के मूड में हेमंत सरकार, विपक्ष का हंगामा

रांची में आज यानी 25 नवंबर से झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र शुरू हो गया है। 25 और 26 नवंबर को चलने वाले इस सत्र के पहले ही दिन सियासी पारा सातवें आसमान पर है।

रांची : रांची में आज यानी 25 नवंबर से झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र शुरू हो गया है। 25 और 26 नवंबर को चलने वाले इस सत्र के पहले ही दिन सियासी पारा सातवें आसमान पर है। सत्र की शुरुआत से पहले ही सदन की सीढ़ियों पर विपक्षी विधायकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के 2 बड़े फैसलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है

दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के दो बड़े फैसलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस विशेष सत्र में मुख्य रूप से दो मुद्दों पर महाबहस हो रही है। पहला, खान एवं खनिज संशोधन अधिनियम 2026 (MMDR) और दूसरा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर चर्चा हो रही है।

बड़ा एजेंडा मतदाता सूची का SIR है

वहीं, बड़ा एजेंडा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण है। सत्तारूढ़ गठबंधन को आशंका है कि इस प्रक्रिया की जटिलताओं के कारण राज्य के लाखों वैध मतदाताओं, खासकर आदिवासी और ग्रामीण वर्ग के लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कट सकते हैं। सरकार आज सदन में एसआईआर के विरोध में संकल्प प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजने की तैयारी में है, जबकि कल यानी 26 नवंबर को खनिज कानून के खिलाफ प्रस्ताव लाया जाएगा।

विपक्षी दल BJP ने सरकार के इस कदम को सिरे से खारिज कर दिया है

दूसरी तरफ, विपक्षी दल भाजपा ने सरकार के इस कदम को सिरे से खारिज कर दिया है। विपक्ष का आरोप है कि राज्य सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विशेष सत्र बुला रही है। भाजपा नेताओं का तर्क है कि भारी सेस लगने से झारखंड का कोयला और लोहा महंगा हो रहा है, जिससे वैध खनन और उत्पादन प्रभावित हुआ है। वहीं, मतदाता सूची पुनरीक्षण को विपक्ष चुनाव आयोग की एक सामान्य और संवैधानिक प्रक्रिया बता रहा है। बहरहाल, सत्ता पक्ष और विपक्ष के अपने-अपने दावों और तीखे तेवरों के बीच यह दो दिवसीय विशेष सत्र बेहद हंगामेदार रहने वाला है। अब देखना यह होगा कि सदन से पारित होने वाले इन संकल्प प्रस्तावों का केंद्र और राज्य के रिश्तों पर क्या असर पड़ता है।

रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट