अयोध्यानगरी में गूंजे 'जय श्रीराम' के नारे, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्थापित किया श्रीराम यंत्र

अयोध्यानगरी में गूंजे 'जय श्रीराम' के नारे, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्थापित किया श्रीराम यंत्र

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 19, 2026, 2:53:00 PM

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़ा आज एक महत्वपूर्ण अध्याय दर्ज हुआ। दरअसल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज यानी चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन और विक्रम संवत 2083 के शुभारंभ पर ‘श्रीराम यंत्र’ की स्थापना की। यह अनुष्ठान मंदिर के दूसरे तल स्थित गर्भगृह में निर्धारित अभिजीत मुहूर्त में वैदिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ, जहां आचार्यों ने मंत्रोच्चार के बीच पूरी विधि-विधान से यंत्र स्थापित कराया।

मंदिर पहुंचने पर राष्ट्रपति ने पहले रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना और आरती में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने ‘श्रीराम यंत्र’ स्थापना की प्रक्रिया को पूर्ण कराया। इस आयोजन के साथ ही मंदिर निर्माण की यात्रा एक नए पड़ाव पर पहुंच गई, जिसे ऐतिहासिक क्षण के रूप में देखा जा रहा है। यंत्र स्थापना के बाद पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा।

इस विशेष अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। इसके अलावा देश-विदेश से आए साधु-संतों और अन्य अतिथियों की संख्या सात हजार से अधिक बताई गई।

राष्ट्रपति मुर्मू फिलहाल उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय आध्यात्मिक दौरे पर हैं। इसी क्रम में वह गुरुवार को सबसे पहले अयोध्या पहुंचीं, जहां महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। अयोध्या में कार्यक्रम संपन्न करने के बाद वह मथुरा के लिए रवाना होंगी और वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करेंगी। आगामी 20 मार्च को उनके संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात करने और अन्य धार्मिक स्थलों का भ्रमण करने का कार्यक्रम है। राष्ट्रपति के इस दौरे को देखते हुए पूरे प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, विशेषकर अयोध्या और मथुरा में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।