त्योहार पर यात्रियों को राहत! रांची और टाटानगर से चलेंगी 5 होली स्पेशल ट्रेनें

त्योहार पर यात्रियों को राहत! रांची और टाटानगर से चलेंगी 5 होली स्पेशल ट्रेनें

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 06, 2026, 11:05:00 AM

होली के मौके पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए रांची से तीन विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान यदि यात्रियों की संख्या और बढ़ती है, तो अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रांची रेल मंडल से रांची–गोरखपुर–रांची, रांची–अजमेर–रांची और रांची–जयनगर–रांची स्पेशल ट्रेनों को चलाने की योजना बनाई गई है। वहीं टाटानगर रेल मंडल ने भीड़ को देखते हुए टाटानगर–किशनगंज–टाटानगर और टाटानगर–बक्सर–टाटानगर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है।

इन ट्रेनों के संचालन से झारखंड के साथ-साथ बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जाने वाले यात्रियों को खास राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे ने बताया कि होली के समय बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर, छात्र और नौकरीपेशा लोग अपने घर लौटते हैं, जिससे नियमित ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता कम हो जाती है और भीड़ काफी बढ़ जाती है। इसी कारण रेलवे लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी।

बिना टिकट यात्रा पर रेलवे की सख्ती

यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए रांची रेल मंडल ने टिकट जांच अभियान भी तेज कर दिया है। गुरुवार को बानो रेलवे स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट विजय कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष जांच और जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान में तीन मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, 14 टिकट जांच कर्मी, 13 आरपीएफ जवान और छह जीआरपी कर्मी तैनात किए गए। इस दौरान गोरखपुर–संबलपुर, जम्मूतवी–संबलपुर, जयनगर–राउरकेला, हटिया–झारसुगुड़ा मेमू और पुरी–हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में जांच की गई।

जांच के दौरान 151 यात्रियों को बिना टिकट या अनधिकृत यात्रा करते हुए पकड़ा गया। इसके अलावा बिना बुकिंग सामान ले जाने जैसे मामलों सहित कुल 250 मामलों में कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वैध टिकट जरूर लें और नियमों का पालन करें। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के समय यात्रियों की सुरक्षा और सुचारू यात्रा व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है, इसी उद्देश्य से स्पेशल ट्रेनें और सघन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।