झारखंड पुलिस प्रशिक्षण निदेशालय, रांची ने JPSC के माध्यम से नियुक्त प्रत्यक्ष भर्ती उप पुलिस अधीक्षकों (DSP) के बुनियादी प्रशिक्षण के सेमेस्टर-1 और सेमेस्टर-2 का संशोधित परीक्षाफल जारी कर दिया है। यह परिणाम उन प्रशिक्षु अधिकारियों की उत्तरपुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के बाद प्रकाशित किया गया है, जिन्होंने पहले घोषित परिणाम में अनुत्तीर्ण होने के बाद पुनरीक्षण के लिए आवेदन दिया था।
प्रशिक्षण महानिरीक्षक (आईजी ट्रेनिंग) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित उत्तरपुस्तिकाओं का दोबारा मूल्यांकन कराया गया। पुनर्मूल्यांकन के बाद सेमेस्टर-1 में पहले असफल घोषित किए गए डीएसपी बिरजू कुमार मेहता को उत्तीर्ण घोषित किया गया है।
वहीं, सेमेस्टर-2 के पुनर्मूल्यांकन में भी कुछ अभ्यर्थियों को राहत मिली। संशोधित परिणाम के अनुसार डीएसपी अमित कुमार परीक्षा में सफल रहे। हालांकि डीएसपी मृत्युंजय गोप को लिखित परीक्षा और फायरिंग दोनों में आवश्यक मानक हासिल नहीं होने के कारण अनुत्तीर्ण ही घोषित किया गया है।
संशोधित परिणाम जारी होने के बाद झारखंड पुलिस अकादमी, हजारीबाग के निदेशक को आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत संबंधित प्रशिक्षु अधिकारियों की सेवा पुस्तिका में संशोधित अंक दर्ज किए जाएंगे तथा परीक्षाफल की प्रति उन्हें उपलब्ध कराई जाएगी।